CG : प्रेमिका से मिलने की सजा: परिजनों ने की युवक की बेरहमी से हत्या, लाश जंगल में फेंकी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग, जांजगीर-चांपा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की प्रेमिका से मिलने पर उसके परिजनों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक टीकाराम केंवट (25) बलौदाबाजार का निवासी था। पुलिस के अनुसार, शनिवार को टीकाराम अपने दोस्त दीपक वर्मा के साथ डिगोरा गांव अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। मुलाकात के दौरान युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा।

पिटाई से गंभीर रूप से घायल टीकाराम की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी लाश को आरोपियों ने बिलासपुर के चिल्हाटी गांव के जंगल में फेंक दिया। वहीं, उसका दोस्त दीपक किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा। रविवार सुबह पुलिस को जंगल में खून से लथपथ शव मिला, जिसकी पहचान टीकाराम के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके से एक बाइक और मोबाइल बरामद किया। बाइक के नंबर के आधार पर शव की पहचान हुई और दीपक वर्मा का मोबाइल मिलने से मामले की गुत्थी सुलझी। पूछताछ में पता चला कि टीकाराम अपने बड़े भाई की बाइक लेकर प्रेमिका से मिलने निकला था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती के पिता, भाई, और जीजा समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

पचपेड़ी थाना क्षेत्र के DSP उड़यन बेहार ने बताया कि इस मामले में गहन जांच चल रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है, और जल्द ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, और लोग इस क्रूर हत्या की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI