भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में बीती रात हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसमें CISF से रिटायर हुए एक पूर्व जवान पर कटर से प्राणघातक हमला किया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, घटना 23 नवंबर को हुई। नेवई थाना क्षेत्र के स्टेशन मरोदा में रहने वाले आदतन बदमाश शंभू और विजय चौधरी दोपहर 2 बजे CISF से वीआरएस लेकर रिटायर हुए राकेश सिंह भदौरिया के पास उनकी बाइक मांगने पहुंचे। राकेश ने शंभू को बाइक देने से मना कर दिया।
इससे नाराज होकर शंभू ने विजय के साथ जमकर शराब पी और शाम करीब 4:30 बजे राकेश के घर पहुंचा। वहां शंभू ने इस बार राकेश से उनकी महंगी XUV 700 गाड़ी की चाबी मांगी। राकेश ने गाड़ी देने से भी साफ इनकार कर दिया।
हमले का घटनाक्रम
राकेश का इनकार सुनकर शंभू और विजय ने बहस शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि शंभू और विजय गाली-गलौज पर उतर आए। राकेश ने विवाद टालने के लिए घर के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन शंभू और विजय ने घर में घुसकर राकेश पर कटर से हमला कर दिया।
हमले के दौरान राकेश ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाली और फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और घायल का हाल
घायल राकेश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
नेवई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, शंभू और विजय चौधरी, को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने हमले की बात कबूल की है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले से ही कई मामलों में संलिप्त रहे हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

