भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले निजी आयुर्वेद मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साव आगामी बुधवार को करेंगे। "डॉ. अभिमन्यु आयुर्वेद मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल" नाम से कमल विहार में स्थित इस संस्थान में 20 बिस्तरों की सुविधा होगी। यह हॉस्पिटल पैन, पाइल्स, पंचकर्म, बच्चों से जुड़े रोग, स्त्रीरोग और त्वचा संबंधी समस्याओं के इलाज में विशेषज्ञता प्रदान करेगा, साथ ही फिजियोथेरेपी की सुविधाएं भी यहां उपलब्ध रहेंगी।
हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अभिमन्यु साहू के अनुसार, रायपुर के समता कॉलोनी में उनका पेन रिलीफ सेंटर पिछले पाँच वर्षों से संचालित है, जहां जोड़ों, नसों और मांसपेशियों के दर्द से जूझ रहे लगभग 12,500 मरीजों का सफल इलाज किया जा चुका है। आयुर्वेदिक पद्धति से उपचारित होने के कारण यह प्रक्रिया साइड इफेक्ट मुक्त और सस्ती है।
डॉ. अभिमन्यु ने बताया कि उनके यहां सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि उड़ीसा, झारखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात जैसे राज्यों और विदेशों से भी मरीज आते हैं। मरीजों की सुविधाओं के लिए उन्होंने 'अष्टवेदा टेलीमेडिसिन' सेवा शुरू की है, जिससे सैकड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा, वे पिछले चार सालों से आयुजीनोगिक्स बोटेनिकल नामक आयुर्वेदिक दवाइयों का निर्माण भी स्वयं करते आ रहे हैं, ताकि मरीजों को उच्च गुणवत्ता की दवाएं मिल सकें।
डॉ. अभिमन्यु का कहना है कि वे लंबे समय से छत्तीसगढ़ में एक पूर्ण आयुर्वेदिक हॉस्पिटल की कमी महसूस कर रहे थे, ताकि गंभीर रोगों के इलाज के लिए मरीजों को भर्ती किया जा सके और प्रदेश के लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। इस हॉस्पिटल के जरिए अब छत्तीसगढ़वासियों को अपने ही राज्य में आयुर्वेदिक उपचार मिल सकेगा।
हॉस्पिटल आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यहां पंचकर्म, शिरोधारा और क्षारसूत्र जैसी आयुर्वेदिक पद्धतियों की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसमें डीलक्स और प्राइवेट रूम, सेमी-प्राइवेट रूम, पैथोलॉजी लैब, अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह अस्पताल 24x7 सेवाओं के साथ मरीजों के इलाज में संलग्न रहेगा।
इस शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साव मुख्य अतिथि होंगे और उप मुख्यमंत्री अरुण साव इसकी अध्यक्षता करेंगे। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम विहारी जायसवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक संदीप साहू, विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक इंद्र कुमार साहू और साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष टहल सिंह साहू भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

