भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : तेलंगाना के खम्मम जिले में स्थित बीसी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। कक्षा 10वीं की छात्रा समुद्र लक्ष्मी भवानी कीर्ति को छात्रावास में चूहों ने बार-बार काटा, जिससे उसे फरवरी से नवंबर के बीच एंटी-रेबीज वैक्सीन की 15 से अधिक खुराकें दी गईं। इन खुराकों के ओवरडोज के चलते कीर्ति को आंशिक लकवा (पक्षाघात) हो गया है।
छात्रावास की हालत पर सवाल
छात्रावास में चूहों के लगातार हमलों ने वहां की स्वच्छता और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कीर्ति अकेली नहीं है, कई अन्य छात्राओं को भी चूहों ने काटा है। लेकिन कीर्ति का मामला इसलिए और गंभीर है क्योंकि उसे हर बार रेबीज वैक्सीन दी गई, जिसका परिणाम अब उसके स्वास्थ्य पर गंभीर रूप में देखने को मिला है।
माँ को नहीं दी गई जानकारी
कीर्ति की माँ, बिंदु, को शुरू में बेटी को चूहे द्वारा काटे जाने की कोई जानकारी नहीं दी गई। जब बेटी चलने-फिरने में असमर्थ हो गई, तब उन्होंने डॉक्टरों से संपर्क किया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि लकवा वैक्सीन के ओवरडोज का नतीजा हो सकता है।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर मुजम्मिल खान ने तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। अब तक की रिपोर्ट से पता चलता है कि छात्रावास में स्वच्छता की घोर कमी है। प्रशासन की ओर से चूहों को मारने और छात्रावास की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

