भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छग , राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना हाल के दिनों में लगातार विवादों का सामना कर रही है। इस योजना का लाभ लंबे समय तक अपात्र लोग उठाते रहे, जिसके चलते 15,000 से अधिक आवेदनों को रद्द किया गया है। योजना के अंतर्गत दिए गए पैसों को अब अपात्र लाभार्थियों से वापस लिया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान शपथ पत्र लिया गया था, और उसी के आधार पर अपात्र व्यक्तियों से वसूली की जा रही है। इसके साथ ही, योजना की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
मामला 1: सनी लियोनी के नाम पर आवेदन
बस्तर जिले के तालुर गांव में योजना के तहत सनी लियोनी और उनके पति जॉनी सीन्स के नाम से आवेदन किया गया। इस फर्जी आवेदन को सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सत्यापित कर आगे बढ़ाया था। यह आवेदन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देवमती जोशी की आईडी से पंजीकृत हुआ। आरोपी वीरेंद्र जोशी, जिसने फर्जी आवेदन और बैंक खाता दिया था, को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस प्रकरण में तीन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
मामला 2: अविवाहित रिश्तेदारों को लाभ
बस्तर जिले में विधायक प्रतिनिधि के अविवाहित रिश्तेदारों द्वारा योजना का लाभ लेने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत टलनार के उपसरपंच ने एसडीएम से शिकायत की कि विधायक प्रतिनिधि के तीन अविवाहित रिश्तेदार इस योजना का फायदा उठा रहे हैं। इस शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।
मामला 3: पत्नी न होने पर आवेदन
पेंड्रा के निवासी कलम सिंह कंवर ने योजना के तहत फॉर्म भरा, जबकि वह पुरुष हैं। उनका दावा था कि उनके घर में महिला नहीं है, इसलिए उन्होंने आवेदन किया। हालांकि, उनका आवेदन तुरंत ही खारिज कर दिया गया था।
अधिकारियों को मिली शिकायतें
- पुरुष आवेदक महिलाओं के नाम से आवेदन कर योजना का लाभ उठा रहे हैं।
- अविवाहित युवतियां भी इस योजना का लाभ ले रही हैं।
- सरकारी कर्मचारियों की पत्नियां योजना का लाभ उठा रही हैं।
- एक ही व्यक्ति द्वारा दो जगह आवेदन कर योजना का फायदा उठाने की शिकायतें आई हैं।
- कई मामलों में योजना का लाभ उठाने वाले लाभार्थी अब जीवित नहीं हैं।
21,000 से अधिक मृत लाभार्थियों का मामला
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सर्वे के दौरान पाया कि योजना का लाभ लेने वाले 21,000 से अधिक लाभार्थी अब जीवित नहीं हैं। इन लाभार्थियों के खातों को ब्लॉक कर दिया गया है, और उनके खिलाफ जांच जारी है।
नोडल अधिकारियों द्वारा खारिज किए गए आवेदन
- ऐसी महिलाएं जो अपने पति के साथ रहती हैं, लेकिन परित्यक्ता प्रमाण पत्र लगाकर आवेदन किया, उनके फॉर्म निरस्त कर दिए गए।
- अविवाहित युवतियों के आवेदन भी खारिज किए गए।
- पुरुषों द्वारा किए गए आवेदन जांच के दौरान खारिज कर दिए गए।
- आयकरदाता और सरकारी नौकरी वालों के परिवार के सदस्यों के आवेदन भी अस्वीकार कर दिए गए।
70 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त
प्रदेशभर से महतारी वंदन योजना के लिए कुल 70 लाख 26 हजार 352 महिलाओं ने आवेदन किए। अंतिम तिथि 20 फरवरी 2023 थी। इनमें से 70 लाख 14 हजार 581 आवेदन स्वीकार किए गए, जबकि केवल 15 हजार से अधिक आवेदन खारिज किए गए।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

