भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-1 में शनिवार देर शाम एक तेज गति से चल रही कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो सगी बहनों सहित तीन लोगों की जान चली गई, जबकि उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय सभी लोग गुरुद्वारा में पाठ करके घर लौट रहे थे। यह दुर्घटना भट्टी थाना क्षेत्र में हुई।
मृतकों की पहचान
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान धनोरा निवासी लोकेंद्र उइके (32), मरोदा निवासी दीपिका कौर (28), और पूनम कौर (33) के रूप में हुई है। वहीं, परमवीर सिंह (23), जो इनका भाई है, गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। दीपिका, पूनम और परमवीर तीनों भाई-बहन हैं, जबकि लोकेंद्र इनका दोस्त था।
कार में चार लोग थे सवार
घटना के समय कार क्रमांक CG 07 AT 2620 तेज रफ्तार में सेंट्रल एवेन्यू रोड पर एक्यूपमेंट चौक की तरफ बढ़ रही थी। कार लोकेंद्र उइके चला रहा था, जबकि उसके साथ आगे की सीट पर परमवीर बैठा था। पीछे की सीट पर दीपिका और पूनम मौजूद थीं।
घटना का विवरण
कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकराने के बाद झाड़ियों में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के टुकड़े-टुकड़े हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।
एयरबैग नहीं खुले, सीट बेल्ट भी नहीं लगी थी
हादसे के बाद यह बात सामने आई कि किसी ने भी सीट बेल्ट नहीं पहनी थी, जिसके कारण एयरबैग नहीं खुले। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर सीट बेल्ट लगी होती तो एयरबैग खुलने से जान बच सकती थी और हादसा इतना घातक नहीं होता।
दोस्त की कार में गए थे गुरुद्वारे
लोकेंद्र पेशे से सिविल कॉन्ट्रैक्टर था और धनोरा, दुर्ग का रहने वाला था। पूनम तलाकशुदा थी और उसका 16 वर्षीय बेटा 10वीं कक्षा में पढ़ाई करता है। दीपिका घर पर ही रहती थी। यह सभी परमजीत की बहनें थीं। गुरुद्वारा जाने का कारण यह था कि उनकी दादी का निधन हो गया था, जिसके बाद कैंप गुरुद्वारा पावर हाउस में पाठ का आयोजन हुआ था।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए
फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

