भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा 2023-24 को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। हाल ही में हाईकोर्ट द्वारा भर्ती प्रक्रिया पर लगाई गई रोक के कारण प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए अब दस्तावेज़ सत्यापन की नई तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
भर्ती प्रक्रिया पर क्यों लगी थी रोक?
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 16 नवंबर से दुर्ग रेंज के अंतर्गत दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी। लेकिन 27 नवंबर को बिलासपुर हाईकोर्ट ने इस प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगा दी थी। कोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया में संशोधित प्रावधानों को संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और 16 (समान अवसर का अधिकार) का उल्लंघन मानते हुए रोक लगाई थी।
कोर्ट का आदेश: भर्ती फिर से शुरू
सुनवाई के बाद कोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया में संशोधन कर इसे फिर से शुरू करने का आदेश दिया।
- 8 दिसंबर से भर्ती प्रक्रिया पुनः प्रारंभ हुई।
- 8 दिसंबर और उसके बाद के प्रवेश पत्र मान्य किए गए।
- 27 नवंबर से 8 दिसंबर के बीच जारी हुए प्रवेश पत्र रद्द कर दिए गए थे।
अब, जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ सत्यापन या फिजिकल टेस्ट रोक दिए गए थे, उनके लिए नई तिथियां तय कर दी गई हैं। ऐसे अभ्यर्थी अपनी नई निर्धारित तिथि पर दस्तावेज़ सत्यापन और फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकते हैं।
नियमों में बदलाव: केवल योग्य अभ्यर्थियों को मिलेगी छूट
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में सिर्फ शहीद पुलिसकर्मियों के बच्चे और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों के बच्चे ही विशेष छूट के पात्र होंगे।
- अन्य सभी अभ्यर्थियों के लिए समान नियम लागू होंगे।
- यह फैसला न्यायमूर्ति राकेश मोहन पाण्डेय की बेंच द्वारा दिया गया।
पुलिस विभाग का संशोधन विवादों में
भर्ती प्रक्रिया के दौरान डीजीपी ने एक नया संशोधन करते हुए सभी पुलिसकर्मियों के बच्चों को विशेष छूट देने का प्रावधान किया था।
- पहले यह छूट सिर्फ शहीद पुलिसकर्मियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात जवानों के बच्चों के लिए सीमित थी।
- संशोधन के बाद कई अभ्यर्थियों ने इसे असंवैधानिक बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी।
5967 पदों के लिए आवेदन
छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने वर्ष 2023-24 में आरक्षक के 5967 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

