भिलाई की हृदयविदारक घटना: बीमारी से जूझ रही महिला ने आग लगाकर की आत्महत्या, पति की 6 महीने पहले हुई मौत के बाद तीन बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया... ...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के कुरुद बस्ती में 50 वर्षीय महिला प्रभा साहू ने बीमारी से परेशान होकर खुद को आग लगा ली। उनका शव लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। यह घटना जामुन थाना क्षेत्र में हुई।  



महिला की सबसे छोटी बेटी तेजेश्वरी ने बताया कि उनकी मां को शरीर में लगातार तेज जलन की समस्या थी। जलन इतनी असहनीय हो जाती थी कि वह इसे सहन नहीं कर पाती थीं। परिवार में कमाने वाली दो बहनें थीं। लंबे इलाज के बाद भी बीमारी ठीक न होने पर प्रभा साहू ने यह कदम उठाया।  

तेजेश्वरी ने बताया कि उनकी बड़ी बहन जमुना की शादी हो चुकी है और वह ससुराल में रहती हैं। घर में मां और तीन बहनें ही थीं। तेजेश्वरी बीए सेकंड ईयर की छात्रा है, जबकि उससे बड़ी दोनों बहनें, धनेश्वरी और गलेश्वरी, रामनगर और रुंगटा कॉलेज में काम करती हैं।  

मंगलवार की सुबह दोनों बड़ी बहनें अपने काम पर चली गई थीं। तेजेश्वरी ने भी कॉलेज जाने से पहले अपनी मां से कहा था। मां ने उसे घर के बाहर से दरवाजा बंद करने के लिए कहा। तेजेश्वरी ने दरवाजा बंद किया और कॉलेज चली गई।  

दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह वापस घर लौटी, तो मां ने कोई जवाब नहीं दिया। घर के भीतर खोजते हुए जब वह पिछवाड़े वाले कमरे तक पहुंची, तो मां को जला हुआ पाया। तेजेश्वरी की चीख सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और शव को मोर्चरी भेज दिया गया।  

मृतका की बेटी ने बताया कि उनके पिता गोपाल साहू कैंसर से पीड़ित थे और 25 जून 2024 को उनका निधन हो गया। पिता की मौत के बाद से ही परिवार बिखरने लगा था। मां गहरे तनाव में चली गईं और अजीब सी बीमारी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घर का खर्च चलाने के लिए दो बड़ी बहनें नौकरी कर रही थीं।  

प्रभा साहू अपनी बीमारी से बेहद परेशान थीं। जलन की वजह से वह अक्सर रोती थीं और अपनी बेटियों से आत्महत्या करने की बात कहती थीं। वह कहती थीं कि मौत के बाद ही उनकी तकलीफ खत्म होगी। बेटियां उन्हें समझाती थीं कि पिता के बाद वे एक-दूसरे का सहारा हैं और किसी के जाने से घर पूरी तरह टूट जाएगा। लेकिन, अंततः प्रभा साहू की मौत ने बेटियों के सिर से माता-पिता दोनों का साया छीन लिया।