नई बाइक के लिए पिता ने मासूमियत का किया सौदा: 60,000 रुपये में नवजात बच्चा बेचकर खरीदी मोटरसाइकिल, चौंकाने वाली घटना!

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : ओडिशा के बालासोर जिले के हदामौद गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक पिता ने अपने नवजात बेटे को कथित रूप से 60,000 रुपये में बेच दिया और उस रकम से नई मोटरसाइकिल खरीद ली। मामला सामने आते ही पुलिस और बाल कल्याण समिति ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चे को रेस्क्यू कर लिया। 

कैसे हुआ मामला उजागर?

यह घटना तब सामने आई जब धर्मू पात्रा, जो पहले से तीन बच्चों का पिता है, गांव में अपनी नई बाइक पर घूमता नजर आया। ग्रामीणों को उसके इस अचानक के बदलाव पर शक हुआ। जब यह खबर बाल कल्याण समिति तक पहुंची, तो उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर बच्चे को खरीदने वाले दंपत्ति से रेस्क्यू कर लिया। 

पैसों का सौदा या बच्चा "दान"?

धर्मू पर आरोप है कि उसने अपने नवजात बेटे को मयूरभंज जिले के सैंकुला गांव के एक नि:संतान दंपति को बेचा। यह सौदा कथित तौर पर अस्पताल में हुआ था। पुलिस के अनुसार, सौदे के बाद धर्मू ने 60,000 रुपये में नई मोटरसाइकिल खरीदी थी। हालांकि, धर्मू की पत्नी शांति पात्रा ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “हमने बच्चा दान में दिया था क्योंकि हम उसे पालने में असमर्थ थे। बाइक के लिए हमने पैसे नहीं दिए थे, बल्कि दस्तावेजों पर मोटरसाइकिल उधार ली थी, जो अगले दिन शोरूम वालों ने वापस ले ली।”

मां की मजबूरी या पिता की बेरुखी?

धर्मू और शांति ने बारिपदा के एक नि:संतान दंपति को बच्चा दिया। शांति का कहना है कि यह “दान” था, न कि पैसों के लिए सौदा। दूसरी ओर, बाल कल्याण समिति और पुलिस ने दावा किया है कि यह बच्चा खरीद-फरोख्त का मामला है। 

बाल कल्याण समिति और पुलिस का बयान

बाल कल्याण समिति के अनुसार, "यह सौदा अवैध है क्योंकि यह एडॉप्शन पॉलिसी का पालन नहीं करता। बच्चे को खरीदने वाले दंपति ने 60,000 रुपये का भुगतान किया था। बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है और वह अब समिति की देखरेख में है।

खुंटा थाने की आईआईसी सुजाता खमारी ने कहा, यह मामला बेहद संवेदनशील है। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV