भिलाई : अग्रसेन पब्लिक स्कूल, कोहका भिलाई का 7वां वार्षिकोत्सव: परंपरा, कला और उल्लास का संगम...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई, अग्रसेन पब्लिक स्कूल, कोहका भिलाई ने अपना 7वां वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया। यह आयोजन कला, संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत संगम साबित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रसेन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल और संचालिका श्रीमती मंजुलता अग्रवाल द्वारा सरस्वती पूजन और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यालय की शिक्षिकाओं ने सरस्वती वंदना और छत्तीसगढ़ का राज्य गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया।  

छात्रों की अनूठी प्रस्तुतियां

कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों के स्वागत गीत पर नृत्य से हुई। इसके बाद, कक्षा आठवीं के छात्रों ने जोश और ऊर्जा से भरपूर "शिव तांडव" की प्रस्तुति दी। कक्षा पहली के बच्चों ने रंगारंग "सुरभरी रंगोली" कार्यक्रम पर आधारित हिंदी फिल्मी गीतों पर मनमोहक नृत्य किया।  

कक्षा पांचवीं की छात्रा अन्वी ने स्वर्गीय श्री रतन टाटा की प्रेरणादायक जीवनी पर आधारित एक अनोखा नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, कक्षा आठवीं के बच्चों ने मराठी लोक नृत्य, कक्षा तीसरी ने दक्षिण भारतीय लोक नृत्य, कक्षा छठवीं ने राजस्थानी लोक नृत्य और कक्षा चौथी ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रस्तुत कर भारत की विविध सांस्कृतिक धरोहर का परिचय दिया।  

विशेष आकर्षण: हॉरर थीम और 'दादी-नानी' डांस

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हॉरर थीम पर आधारित प्रस्तुति और "दादी-नानी डांस" रहा। इसमें बच्चों ने अपने दादी-नानी के साथ मंच साझा करते हुए भावनात्मक और मनोरंजक नृत्य प्रस्तुत किया।  

मुख्य अतिथि और सम्मान समारोह  

कार्यक्रम में शांति नगर के पार्षद श्री अभिषेक मिश्रा और पालक शिक्षक समिति के अध्यक्ष श्री टी.पी. देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत शॉल और पुष्पगुच्छ देकर किया गया। इस दौरान कक्षा के मेरिट छात्रों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विद्यालय की शिक्षिकाओं और गैर-शैक्षणिक स्टाफ को स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया।  

वार्षिक गतिविधियों की रूपरेखा

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीति नारखेड़े ने बीते वर्ष की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। संचालिका श्रीमती मंजुलता अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में छात्रों और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की।  

कार्यक्रम में विशिष्ट उपस्थिति

इस भव्य आयोजन में अग्रसेन ग्रुप के अन्य पदाधिकारी जैसे श्रीकांत दासगुप्ता, आशुतोष श्रीवास्तव, अश्वनी गौर, थानेंद्र राहंगडाले और शिवानी वर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।  

समापन और आभार व्यक्त

कार्यक्रम के समापन पर श्री राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने सभी अतिथियों, छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। यह वार्षिकोत्सव न केवल छात्रों की प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि विद्यालय की सांस्कृतिक और शैक्षणिक समृद्धि का प्रतीक भी।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI