छत्तीसगढ़ का हृदय विदारक कांड: सौतेले पिता ने मासूम की हत्या कर जंगल में फेंका शव, 8 दिनों से अनसुलझी मर्डर मिस्ट्री....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : बिलासपुर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र में एक मासूम की रहस्यमय गुमशुदगी और हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 8 साल का मासूम माधव 22 दिसंबर से लापता था। पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में सौतेले पिता गौरव साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूल किया कि उसने मासूम का गला घोंटकर हत्या की और शव को जंगल में फेंक दिया। लेकिन, 8 दिन बाद भी बच्चे का शव पुलिस के हाथ नहीं लगा है, जिससे यह मामला एक गहरी मिस्ट्री बन गया है।  

मां की शादी और रिश्तों का उलझा ताना-बाना

ग्राम आमागोहन की रहने वाली रेवती गोड़ ने लगभग 10 साल पहले कसडोल निवासी प्रमोद साहू से शादी की थी। शादी के बाद उनके दो बेटे हुए—आठ वर्षीय माधव और चार साल का छोटा बेटा। कोरोना महामारी के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके चलते रेवती छोटे बेटे को लेकर मायके आ गई, जबकि बड़ा बेटा माधव पिता प्रमोद के साथ रहने लगा।  

इस दौरान रेवती का परिचय जांजगीर जिले के कैथा निवासी गौरव साहू से हुआ। दोनों ने पति-पत्नी के रूप में रहना शुरू किया। हालांकि, यह रिश्ता माधव के लिए दुर्भाग्य का कारण बन गया।  

हत्या की वजह बनी पारिवारिक कलह

10 दिसंबर को गौरव साहू मासूम माधव को अपने साथ लेकर घर से निकला और अचानक गायब हो गया। इसके बाद रेवती बेटे और गौरव को ढूंढने की कोशिश में भटकती रही। 22 दिसंबर को जब गौरव आमागोहन लौटा, तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।  

गांव वालों की पूछताछ में घबराए गौरव ने खुद पुलिस को बुलाने के लिए डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस ने जब उससे कड़ी पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात कबूल की और बताया कि उसने शव को जंगल में फेंक दिया। गौरव ने यह भी कहा कि उसकी पत्नी रेवती उसके साथ रहने को तैयार नहीं थी, इसलिए उसने यह घिनौना कदम उठाया।  

जंगल में शव की तलाश, पूजा-पाठ के निशान और खून से सनी लाठी

माधव के शव की तलाश के दौरान पुलिस को फॉरेस्ट कॉलोनी के रेस्ट हाउस के पास सागौन के प्लॉट में पूजा-पाठ के निशान और एक खून से सनी लाठी मिली। लाठी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।  

पुलिस के सामने चुनौतियां

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मासूम के शव को बरामद करना है। घटनास्थल पर मिले सबूत और आरोपी की स्वीकारोक्ति के बावजूद, बच्चे का शव न मिलने से केस और उलझता जा रहा है।  

मर्डर मिस्ट्री पर गांव में खौफ और आक्रोश

इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ, पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध की गुत्थी सुलझाई जा सके।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV