अविवाहित युवतियाँ ले रही थी महतारी वंदन योजना का लाभ , बैंक खाते हुए सीज , साथ ही योजना में फर्जीवाड़ा करने वाले अधिकारी और कार्यकर्ता पर हुए सख्त एक्शन...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना "महतारी वंदन योजना" में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। हाल ही में सनी लियोनी के नाम पर योजना का लाभ लेने की घटना प्रकाश में आई, जिससे विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर सवालों की झड़ी लगा दी। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, "अभी तो सनी लियोनी का नाम सामने आया है, जल्द ही अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।

अविवाहित महिलाओं का फर्जी दावा

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जांच में पता चला है कि बस्तर जिले के टलनार गांव में दो अविवाहित महिलाएं खुद को विवाहित बताकर इस योजना का लाभ ले रही थीं। इन दोनों हितग्राहियों के बैंक खाते अब सीज कर दिए गए हैं। इससे योजना के पात्रता मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सनी लियोनी के नाम पर फर्जीवाड़ा

दरअसल, सनी लियोनी के बैंक खाते में योजना की राशि नहीं गई थी। यह फर्जीवाड़ा बस्तर जिले के तालूर आंगनबाड़ी केंद्र में एक व्यक्ति वीरेंद्र कुमार जोशी ने किया। उसने सनी लियोनी के नाम पर आवेदन दाखिल कर, अपने आधार और बैंक खाते का उपयोग कर योजना की राशि हड़प ली। स्थानीय स्तर पर मिलीभगत से यह काम संभव हुआ।

लापरवाही के कारण

इस घोटाले के खुलासे के बाद संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है:

- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वेदमति जोशी को बर्खास्त किया गया।

- पर्यवेक्षक प्रभा नेताम और परियोजना अधिकारी ज्योति मथरानी को निलंबित कर दिया गया।

- तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया।

वीरेंद्र कुमार जोशी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वेदमति जोशी की मदद से यह फर्जीवाड़ा अंजाम दिया। उसने ऑनलाइन पोर्टल पर सनी लियोनी के नाम से आवेदन जमा किया, जबकि सभी दस्तावेज अपने आधार और बैंक खाते से लिंक किए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बिना जांच-पड़ताल के इस आवेदन को सत्यापित कर दिया। पर्यवेक्षक और परियोजना अधिकारी ने भी बिना परीक्षण के इसे मंजूरी दे दी। इसके चलते फर्जी आवेदन को स्वीकृति मिल गई और राशि सीधे वीरेंद्र के खाते में स्थानांतरित हो गई।

प्रशासनिक कार्रवाई

फर्जीवाड़े का पता लगने पर प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए।

- वीरेंद्र कुमार जोशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

- उसके बैंक खाते को सीज कर दिया गया और अवैध रूप से प्राप्त राशि की वसूली शुरू की गई।

सरकार ने अब योजना के लिए पात्रता की प्रक्रिया को और अधिक सख्त करने का निर्णय लिया है। ग्राम स्तर पर सत्यापन समितियों को पुनर्गठित करने और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए गए दस्तावेजों की गहन जांच की जाए।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

यह मामला सामने आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल योजनाओं की साख को कमजोर करती हैं, बल्कि जरूरतमंद लाभार्थियों को भी वंचित करती हैं।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI