भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : आगरा के ताजगंज क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां फिरोजाबाद की एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता को होटल संचालक और उसके साथियों ने न सिर्फ शारीरिक शोषण किया बल्कि उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया।
फिरोजाबाद की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि पति से हुए विवाद के बाद वह घर छोड़कर आगरा आ गई थी। नाराजगी और गुस्से के चलते उसने ताजगंज क्षेत्र के एक गुमनाम होटल में ठहरने का फैसला किया। होटल में महिला को ठहराने वाले संचालक अनिल यादव और उसके दो साथी रुस्तम यादव व रमेश ने महिला को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया।
जब महिला को होश आया तो उसने खुद को एक घिनौने अपराध का शिकार पाया। तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली।
ब्लैकमेलिंग और देह व्यापार का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने वीडियो का सहारा लेकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। होटल में महिला को बंधक बनाकर रखा गया, जहां दो अन्य ग्राहक आनंद पोरवाल और वैभव पोरवाल ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं, होटल संचालक ने महिला को अपने घर ले जाकर तीन महीने तक कैद में रखा। किसी तरह महिला आरोपियों के चंगुल से भाग निकलने में सफल रही। इसके बाद उसने अपने पति को पूरी घटना बताई और टूंडला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में शुरुआत में टूंडला थाने की पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की, क्योंकि घटना का स्थान ताजगंज था। अब केस को ताजगंज थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिला के बयान दर्ज किए जाएंगे और अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के लिए सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह घटना न सिर्फ एक महिला के आत्मसम्मान और सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि किस तरह मानवता को ताक पर रखकर अपराधी अपने घिनौने इरादों को अंजाम देते हैं। पीड़िता अभी इस दर्दनाक हादसे के सदमे में है, लेकिन उसकी उम्मीदें न्याय की ओर टिकी हुई हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

