भिलाई के सूर्या मॉल में दुकानदार बाप बेटो ने मैनेजर को लात-घूंसे और चप्पल से पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट की घटना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित सूर्या मॉल के मैनेजर को एक बाप और दो बेटों ने मिलकर बुरी तरह पीटा। इस घटना में मैनेजर को लात-घूंसे और चप्पल से बेरहमी से मारा गया। यह पूरा मामला CCTV में कैद हो गया है और घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है। 

स्मृति चौकी के प्रभारी, गुरविंदर संधू ने बताया कि विनोद सिंह (43), जो सूर्या मॉल में मैनेजर के रूप में काम कर रहे थे, ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। वह शनिवार को मॉल का निरीक्षण कर रहे थे, जब रंगोली बैंगल्स दुकान के मालिक प्रशांत गुप्ता ने उन पर हमला कर दिया। 

विनोद के अनुसार, जब वह मॉल के पहले फ्लोर पर सुबह करीब 11:30 बजे निरीक्षण कर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि प्रशांत गुप्ता उनके पास आया और उन पर हमला करने की कोशिश की। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, प्रशांत के साथ उसका भाई रोहित गुप्ता और पिता राजेश गुप्ता भी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर विनोद को फर्श पर गिरा दिया। मॉल का स्टाफ बीच-बचाव करने आया, लेकिन आरोपियों ने उन पर हमला करना जारी रखा। अंत में, प्रशांत ने विनोद को चप्पल से भी मारा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई और वायरल हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया है, लेकिन वे जमानत पर छूट गए हैं। मॉल के अंदर मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद, दुकानदारों की मनमानी से इलाके में लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। 

विनोद सिंह ने बताया कि घटना से दो दिन पहले, गुरुवार को मॉल के हाउसकीपिंग स्टाफ ने सफाई का काम किया था और एक महिला कर्मचारी ने पोछा लगाने के बाद गंदे पानी की बाल्टी रंगोली बैंगल्स शॉप के सामने रख दी। इस पर प्रशांत गुप्ता ने महिला से बदतमीजी की, जिसके बाद विनोद ने उसे मना किया। जब प्रशांत नहीं माना, तो विनोद ने उसे धक्का देकर दुकान के अंदर भेज दिया और कहा कि मॉल के बाहर की व्यवस्था देखना उनका काम है। इस पर प्रशांत ने गुस्से में आकर मारपीट का फैसला किया।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI