भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के मैत्री गार्डन में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत उड़ान नई दिशा संस्था ने बड़े उत्साह के साथ अपना पांचवां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक और मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इस बार के कार्यक्रम का मुख्य थीम था पर्यावरण और पशु-पक्षी संरक्षण, जिसके तहत जागरूकता बढ़ाने और समूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।
महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष आयोजन
महिलाओं के लिए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से जुड़े "भाजीयों से व्यंजन" प्रतियोगिता और "सलाद सजाओ" प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और परंपरागत कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं बच्चों के लिए पर्यावरण थीम पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता और फैंसी ड्रेस आयोजन रखा गया। इसमें बच्चे वन्यजीवों और पेड़-पौधों का रूप धारण कर प्रकृति के प्रति अपने प्रेम का संदेश देते दिखे।
मुख्य अतिथि और निर्णायक मंडल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, डॉ. नवीन कुमार जैन (महाप्रबंधक, उद्यानिकी नगर सेवाएं), ने आयोजन की प्रशंसा की और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
निर्णायक मंडल में कला क्षेत्र से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियां - सुनीता वर्मा, सुमी, सुचित्रा गुप्ता, और मनिमय मुखर्जी - ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन अपनी पारखी नजरों से किया।
संस्था की उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं
संस्था की संस्थापक निधि चंद्राकर ने बताया कि इस वर्ष का थीम पर्यावरण और पशु-पक्षी संरक्षण था, जिसके अंतर्गत भिलाई-दुर्ग में इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, बच्चों को यह समझाने की कोशिश की गई कि पर्यावरण और पशु-पक्षी संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी क्या है। उन्होंने संस्था के पिछले पांच वर्षों के प्रयासों और उपलब्धियों को भी साझा किया।
कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी उपाध्यक्ष दीपाली मिश्रा और शशि चंद्राकर को दी गई थी, जिन्होंने इसे बेहद सफलतापूर्वक संपन्न किया। अंत में, दीपाली मिश्रा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिता वर्मा, कविता गुप्ता, गायत्री साहू, मिनाक्षी, रुना शर्मा, के. दीपा और अनिता सिंह का विशेष योगदान रहा।
उड़ान नई दिशा संस्था ने अपने स्थापना दिवस पर न केवल महिलाओं और बच्चों को अपनी रचनात्मकता दिखाने का मंच दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पशु-पक्षियों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया। संस्था ने यह दिखाया कि सामूहिक प्रयास से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|

