भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) रायपुर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस को 'प्रेसिडेंट कलर' प्रदान कर गर्व और प्रेरणा का नया अध्याय जोड़ा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक पल को और विशेष बना दिया। अमित शाह ने इस सम्मान को छत्तीसगढ़ पुलिस की वीरता, समर्पण और जनता के प्रति अटूट सेवा का प्रमाण बताया।
25 वर्षों में हासिल किया अभूतपूर्व सम्मान
अपने गठन के केवल 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपनी निष्ठा और बहादुरी से इस सम्मान को अर्जित किया है। अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपति का निशान पाना किसी भी सशस्त्र बल के लिए गर्व का प्रतीक है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस की मेहनत और जनता की सेवा में उनके अतुलनीय योगदान को दर्शाता है।
नक्सलवादके खलाफ ऐतिहासिक उपलब्धियां
गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस की नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई की सराहना करते हुए बताया कि पिछले एक साल में सुरक्षा बलों ने 287 नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया, 1000 से अधिक को गिरफ्तार किया और 837 ने आत्मसमर्पण किया। इसमें 14 शीर्ष नक्सली भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नक्सलवाद के खिलाफ सख्त नीति के कारण नागरिकों और सुरक्षा बलों की मौतों का आंकड़ा चार दशकों में पहली बार 100 से नीचे आया है।
नशा और संगठित अपराध के खिलाफ कड़ा रुख
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा नारकोटिक्स और संगठित अपराधों पर किए गए कड़े एक्शन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जनवरी से सितंबर 2024 के बीच 1100 नारकोटिक्स केस दर्ज किए गए और 21,000 किलो गांजा, 6,000 किलो अफीम और 1.95 लाख नशीली दवाएं जब्त की गईं।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास का वादा
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने में छत्तीसगढ़ का अहम योगदान होगा। उन्होंने कहा कि 31 मार्च, 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य है।
'प्रेसिडेंट कलर': गौरव के साथ जिम्मेदारी का प्रतीक
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों से कहा कि 'प्रेसिडेंट कलर' सिर्फ एक सम्मान नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह हर जवान के कर्तव्य और दायित्व की याद दिलाता है।
छत्तीसगढ़ पुलिस का यह सफर प्रेरणादायक है और यह सम्मान उनके उज्ज्वल भविष्य का प्रमाण है। अब यह सम्मान उनके साहस, निष्ठा और समर्पण की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेगा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|

