भिलाई : निर्माणाधीन फैक्ट्री में चाक़ू की नोक पर लूट: दो आरोपी गिरफ्तार, लूट की रकम से मनाई शराब पार्टी....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग जिले की पुरानी भिलाई पुलिस ने भिलाई के इंडस्ट्रियल एरिया हथखोज में निर्माणाधीन फैक्ट्री के अंदर घुसकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने रात के समय फैक्ट्री के भीतर कार में सो रहे व्यक्ति को चाकू की नोक पर लूट लिया। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और कुछ नकदी बरामद की है।  


घटना का पूरा विवरण  

सीएसपी हरीश पाटिल के अनुसार, पीड़ित एजाज आलम अंसारी (44), निवासी हाउसिंग बोर्ड उमदा, फैक्ट्री में निर्माण कार्य करवा रहे थे। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि 21 दिसंबर की रात वे रोज की तरह अपनी कार में सोने के लिए फैक्ट्री पहुंचे थे। उनके साथ मिस्त्री हेमंत भारती भी मौजूद थे, जो झोपड़ी में सो रहा था।  

रात करीब 2:05 बजे, एक अज्ञात व्यक्ति उनकी कार के पास आया और दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा। दरवाजा खोलने पर उस व्यक्ति ने चाकू तान दिया और एजाज पर हमला करने की कोशिश की। किसी तरह खुद को बचाते हुए, एजाज ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद आरोपी ने एजाज की पैंट से 4400 रुपए नगद लूट लिए और अपने साथी के साथ फरार हो गया, जो बाइक लेकर फैक्ट्री के गेट के बाहर खड़ा था।  

सीसीटीवी और गार्ड की मदद से आरोपियों की पहचान  

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास की फैक्ट्रियों का सीसीटीवी फुटेज खंगाला और गार्ड्स से पूछताछ की। शिवालिक कंपनी के गार्ड ने आरोपियों का हुलिया पुलिस को बताया। सीसीटीवी फुटेज और गार्ड के बयान के आधार पर पुलिस ने महाराजा देवार और निकेत देवार को गिरफ्तार किया।  

शराब पार्टी में उड़ा दी लूटी हुई रकम  

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि लूट की रकम में से 3400 रुपए शराब पार्टी में उड़ा दिए, जबकि 1000 रुपए उनके पास बचे हुए थे, जो पुलिस ने जब्त कर लिए। इसके अलावा, घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।  

अपराधियों पर कार्रवाई  

दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और उन्हें जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।