भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के मदनपुर गांव में घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। एक पति-पत्नी ने गुस्से में एक-दूसरे पर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
घटना का विवरण
गुरुवार शाम वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में रहने वाले मो. शमशाद (40) और उनकी पत्नी जुलेखा बेगम (36) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों घर से बाहर निकलकर सड़क पर बहस करने लगे।
गुस्से में आकर शमशाद घर से पेट्रोल से भरा डिब्बा (जेरी कैन) लेकर आया और पत्नी पर छिड़क दिया। जवाब में जुलेखा ने भी उसी डिब्बे से शमशाद पर पेट्रोल डाल दिया। हालात तब और बिगड़ गए जब शमशाद ने माचिस जलाई। देखते ही देखते दोनों आग की लपटों से घिर गए।
स्थानीय लोगों ने बुझाई आग
घटना को देख आसपास के लोग और परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दोनों बुरी तरह झुलस चुके थे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शमशाद 80 प्रतिशत से अधिक और जुलेखा 60 प्रतिशत से अधिक जल चुके हैं।
इलाज और जांच
घायल दंपति को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने शमशाद की हालत को नाजुक बताया है, जबकि जुलेखा की स्थिति भी चिंताजनक है।
पुलिस की कार्रवाई
वाड्रफनगर पुलिस चौकी प्रभारी डागेश्वर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को तुरंत अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि शमशाद पेशे से ड्राइवर है। हालांकि, पति-पत्नी के बीच इस कदर बढ़े विवाद की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

