स्कूली भाई-बहन ने परीक्षा टालने के लिए चली अजीब चाल , भेजी बम की धमकी, पुलिस ने जांच के बाद दोनों को समझा-बुझाकर उनके माता-पिता को सौंपा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दिल्ली के तीन प्रतिष्ठित स्कूलों को बम धमाके की ईमेल के जरिए धमकी दिए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। यह धमकी किसी बाहरी आतंकी साजिश का हिस्सा नहीं, बल्कि एक स्कूल में पढ़ने वाले भाई-बहन की करतूत थी। इन बच्चों ने केवल परीक्षा टलवाने के मकसद से इस हरकत को अंजाम दिया था। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को समझा-बुझाकर उनके माता-पिता को सौंप दिया।

ईमेल धमकी से मचा हड़कंप

यह मामला 29 नवंबर 2024 का है, जब रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल को बम धमाके की धमकी भरा एक ईमेल मिला। ईमेल में सिर्फ वेंकटेश्वर ग्लोबल ही नहीं, बल्कि दिल्ली के दो अन्य स्कूलों को भी उड़ाने की बात कही गई थी। धमकी के इस मेल से प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।  

यह घटना और भी गंभीर इसलिए मानी गई, क्योंकि ठीक एक दिन पहले रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में पीवीआर मल्टीप्लेक्स में एक रहस्यमयी विस्फोट हुआ था। इसे देखते हुए पुलिस ने इस ईमेल धमकी को पूरी गंभीरता से लिया और तुरंत जांच शुरू की।

जांच में हुआ खुलासा

पुलिस जांच में जल्द ही पता चला कि धमकी देने वाले कोई आतंकवादी नहीं, बल्कि वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल में पढ़ने वाले भाई-बहन थे। इन दोनों छात्रों ने यह कदम परीक्षा को टालने के लिए उठाया था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसा करने का विचार पुरानी धमकी की घटनाओं से प्रेरित होकर किया। 

चेतावनी देकर छोड़ा गया

पुलिस ने भाई-बहन से पूछताछ के बाद उन्हें कड़ी चेतावनी दी और उनके माता-पिता के हवाले कर दिया। बच्चों की इस हरकत ने स्कूल प्रशासन और उनके परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। 

यह घटना न केवल परीक्षा के दबाव से निपटने में छात्रों के अनुशासन की कमी को उजागर करती है, बल्कि यह भी बताती है कि बच्चों को सही दिशा-निर्देशन कितना जरूरी है। अभिभावकों और शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों के मनोवैज्ञानिक और शैक्षणिक दबाव को समझें और उन्हें स्वस्थ तरीके से इनसे निपटना सिखाएं। 


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI