रामायण के मंच पर 'राक्षस' का कहर: अभिनेता ने जिंदा सुअर का पेट फाड़ा और खाने लगा मांस ,सांपों के प्रदर्शन से मचा हड़कंप, झकझोर देने वाली घटना...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : ओडिशा के गंजम जिले में एक धार्मिक नाटक के दौरान हुई एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया। रामायण पर आधारित इस नाटक में राक्षस की भूमिका निभा रहे अभिनेता बिंबाधर गौड़ा ने मंच पर ऐसी हरकत की, जिसे देखकर दर्शक हक्के-बक्के रह गए। 

नाटक के दौरान, जब वह राक्षस के किरदार में थे, उन्होंने मंच पर एक जिंदा सुअर को मार डाला, उसका पेट फाड़ा और उसके मांस के टुकड़े खाने लगे। यह सब लाइव देख रहे दर्शक दंग रह गए, और वहां अफरा-तफरी मच गई। किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अभिनेता को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।  

सांपों का भी हुआ था प्रदर्शन  

इसी नाटक में थिएटर समूह ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए सांपों का प्रदर्शन भी किया। यह सार्वजनिक रूप से सांपों के प्रदर्शन पर राज्य सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध का स्पष्ट उल्लंघन था। वन विभाग इस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रहा है। 

नाटक ने छेड़ दी सामाजिक और कानूनी बहस  

इस घटना ने ओडिशा में आक्रोश फैला दिया है। विधानसभा में भी इसे लेकर तीखी निंदा हुई। सत्तारूढ़ भाजपा के सदस्यों ने इसे पशु क्रूरता और मानवीय मूल्यों के खिलाफ बताया। वहीं, पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह घटना न केवल पशु अधिकारों का हनन है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी भेजती है।  

पुलिस और वन विभाग का क्या कहना है?  

बेरहामपुर के प्रभागीय वन अधिकारी सनी खोखर ने बताया कि सांपों के प्रदर्शन में शामिल लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा ऐसे कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज में असंवेदनशीलता को भी बढ़ावा देते हैं|

सोशल मीडिया पर विरोध  

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जहां एक ओर लोगों ने इसे घृणित और अमानवीय बताया, वहीं कुछ ने अभिनेता के कृत्य को ओवरएक्टिंग का खतरनाक उदाहरण करार दिया।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI