भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में गुरु घासीदास जयंती के कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के बीच हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। इस झगड़े में एक युवक ने नाबालिग पर कटर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना तेलहा नाला के पास हुई, जहां शेख अखिल नामक नाबालिग को सिर, गले और जांघ पर 3-4 वार किए गए।
क्या हुआ था घटना के दिन?
घायल शेख अखिल ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गुरु घासीदास जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान शेखर नामक युवक, जो उसका परिचित था, अपने भाई और दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। शेखर और शेख अखिल के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
झगड़ा शांत होने के बाद जब शेख अखिल वहां से लौटने लगा, तो शेखर ने अपने साथियों के साथ उसे रास्ते में रोक लिया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों गुटों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि शेखर ने अपनी जेब से कटर निकाला और शेख अखिल पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद अखिल वहीं गिर गया।
दोस्तों ने बचाई जान
घटना के तुरंत बाद शेख अखिल के दोस्तों ने डायल 112 पर कॉल किया। उसे गंभीर हालत में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दुर्ग में बढ़ती कटरबाजी की घटनाएं
दुर्ग जिले में कटरबाजी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। बीते तीन दिनों में चार से अधिक कटरबाजी के मामले सामने आए हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने इसे गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाने के निर्देश दिए हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

