भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :(छग) रायपुर , पूर्व कांग्रेस विधायक किस्मतलाल नंद के बेटे अंकित नंद की गाड़ी से ओडिशा बॉर्डर पर 151 किलो गांजा बरामद होने का मामला सामने आया है। घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि सीजी 6 जीवाई 8111 नंबर की गाड़ी में तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेट में गांजा रखा हुआ था। पुलिस की जांच टीम ने यह बरामदगी तब की, जब उन्हें गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी।
कैसे हुई बरामदगी?
पुलिस ने सारंगढ़ क्षेत्र में ओडिशा बॉर्डर पर नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान हूटर और हाईमास्ट लाइट लगी एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें गांजे के पैकेट पाए गए। गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति पुलिस की चेकिंग देखते ही मौके से फरार हो गया। चर्चा है कि गाड़ी को पूर्व विधायक का एक रिश्तेदार चला रहा था।
पूर्व विधायक का बैकग्राउंड
किस्मतलाल नंद पुलिस विभाग में डीएसपी रह चुके हैं और उन्हें वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक भी मिल चुका है। 2018 में उन्होंने पुलिस विभाग से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की। सरायपाली से टिकट मिलने पर उन्होंने 52,000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। हालांकि, 2023 में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
इस घटना पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "कांग्रेस का नेचर ही अपराधियों और शराब माफियाओं को संरक्षण देने का रहा है। जब उनकी सरकार थी, तब खुलेआम सट्टा और शराब का कारोबार चलता था। यह तो सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में और भी मामले उजागर होंगे।"
पुलिस की अगली कार्रवाई
पुलिस ने गाड़ी और गांजे को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। यह जांच की जा रही है कि गांजे की इस तस्करी में और कौन-कौन शामिल हैं।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

