भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़, सक्ती जिले का मामला , सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के अचरीपाली गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 11वीं कक्षा की एक छात्रा, आरुषि चौहान (16), ने अपनी गहरी आस्था का प्रदर्शन करते हुए अपनी जीभ काटकर शिवलिंग पर चढ़ा दी। इसके बाद से वह मंदिर परिसर में साधना में लीन हो गई है।
आरुषि ने इस कदम से पहले एक नोट लिखा, जिसमें उसने स्पष्ट किया कि वह दो दिनों तक साधना करेगी। साथ ही, उसने लिखा कि यदि वह इस दौरान साधना से उठी तो उसका "मर्डर" हो जाएगा।
मन्नत पूरी करने की आस्था:
परिजनों के मुताबिक, आरुषि ने भगवान शिव से एक मन्नत मांगी थी। उसकी यह मन्नत पूरी हो गई, और इसी के फलस्वरूप उसने हर सोमवार शिव पूजा करना शुरू किया। भक्ति के इसी जुनून में उसने यह अनोखा कदम उठाया।
साधना जारी, मंदिर के अंदर किसी को नहीं आने दिया गया
घटना के बाद से मंदिर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। छात्रा ने अंदर से आवश्यक सामान की सूची लिखकर बाहर भेजी, जिसे परिजन मंदिर के भीतर पहुंचा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्रा और उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण और परिजन मंदिर के अंदर किसी को प्रवेश नहीं करने दे रहे।
डॉक्टर और प्रशासनिक टीम का हस्तक्षेप:
एसडीओपी सुमित गुप्ता और एसडीएम की टीम डॉक्टरों के साथ मंदिर पहुंची थी। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सबने उनका विरोध किया। सरपंच खेम साहू ने बताया कि घटना के पीछे आरुषि की भक्ति और आस्था का बड़ा योगदान है।
गांव में सन्नाटा, ग्रामीणों में चर्चा का विषय
घटना के बाद गांव में सन्नाटा छा गया है। लोग इसे भगवान शिव के प्रति आरुषि की अनन्य भक्ति और त्याग के रूप में देख रहे हैं। परिजनों ने बताया कि आरुषि की हालत स्थिर है और वह पूरी तरह साधना में लीन है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV


