CG : रायपुर में 231 करोड़ की लागत से बनेगा 700 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल , गंभीर बीमारियों के ईलाज के लिए मिलेंगी बेहतर सुविधाएं...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : रायपुर – छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़े बदलाव की तैयारी हो रही है। बढ़ती आबादी और मरीजों के दबाव को देखते हुए मेकाहारा परिसर में 700 बिस्तरों वाले नवीन एकीकृत अस्पताल भवन के निर्माण के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए 231 करोड़ रुपए की लागत से ई-टेंडर जारी कर दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री की प्राथमिकता

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस परियोजना को राज्य की स्वास्थ्य सेवा का नया मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। यह अस्पताल न केवल रायपुर बल्कि पूरे राज्य के लोगों को आधुनिक और सर्वसुविधा युक्त उपचार का लाभ देगा।”

मेकाहारा का बढ़ता दबाव होगा कम
यह अस्पताल मेकाहारा परिसर के मौजूदा अस्पताल के अतिरिक्त होगा, जिससे मरीजों का बोझ कम होगा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। राज्य सरकार के बजट में पहले से इस परियोजना का प्रावधान किया गया था, जिसे अब जमीन पर उतारने की शुरुआत हो चुकी है।

प्रक्रिया और समयसीमा

  • वेबसाइट पर जानकारी: ई-टेंडर की विस्तृत जानकारी 10 दिसंबर 2024 से सीजीएमएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.cgmsc.gov.in पर उपलब्ध होगी।
  • प्री-बिड मीटिंग: 19 दिसंबर 2024 को सुबह 11 बजे सीजीएमएससी मुख्यालय में होगी।
  • निविदा की अंतिम तारीख: ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 2 जनवरी 2025 है।
  • टेंडर ओपनिंग: 6 जनवरी 2025 को निविदा खोली जाएगी।

राज्य के लिए नई उम्मीद
इस परियोजना के पूरा होने पर, रायपुर एक ऐसा आधुनिक अस्पताल भवन पाएगा जो न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाएगा, बल्कि प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए मापदंड भी स्थापित करेगा।
यह कदम मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें छत्तीसगढ़ को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र के रूप में स्थापित करना प्रमुख लक्ष्य है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे| 

https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI