भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पिता की दूसरी शादी से नाराज बेटे ने अपनी सौतेली मां की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने चंद घंटों के भीतर उसे पकड़ लिया। यह घटना फरसाबहार थाना क्षेत्र के खुटगांव उरांवपारा की है।
घटना का विवरण:
28 दिसंबर की रात 65 वर्षीय धोधे राम ने फरसाबहार थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनकी पहली पत्नी पेमला शादी के बाद अपने दूधमुंहे बच्चे को छोड़कर चली गई और कभी वापस नहीं लौटी। इसके बाद धोधे राम ने एतवारी बाई नामक महिला से दूसरी शादी की। इस शादी से उनकी दो बेटियां हुईं।
धोधे राम का बेटा, मुनेश्वर राम, जो अविवाहित है और अधिकतर समय बाहर रहता था, अपनी सौतेली मां एतवारी से गहरी नफरत करता था। जब वह कभी गांव आता, तो अपने लिए अलग से खाना बनाता और परिवार से दूरी बनाए रखता था।
वारदात का क्रम:
27 दिसंबर की शाम धोधे राम और उनकी पत्नी एतवारी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। उसी रात मुनेश्वर घर आया, अपने लिए खाना बनाया और सोने चला गया। 28 दिसंबर की तड़के मुनेश्वर ने टांगी लेकर अपने पिता को धक्का दिया। आवाज सुनकर जब एतवारी वहां पहुंची, तो उसने उस पर टांगी से तीन-चार वार किए। इस भयावह घटना को देख धोधे राम अपने दामाद को बुलाने गए, लेकिन तब तक मुनेश्वर भाग चुका था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलने पर फरसाबहार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर, केछवाकानी ईबनदी के पास पुलिस ने घेराबंदी कर मुनेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी को नदी किनारे झाड़ियों से बरामद किया। इसके अलावा, आरोपी के खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए।
पुलिस टीम का योगदान:
इस मामले को सुलझाने में उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक सुरजन राम पोर्ते, आरक्षक नीरज तिर्की, केश्वर राम भगत, सरोज, महिला आरक्षक पुष्पा पैंकरा और सैनिक शिवनंदन साय का अहम योगदान रहा।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

