भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुनने में कमजोर और मानसिक रूप से अस्थिर युवती के साथ दो भाइयों ने गैंगरेप किया। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने किसी तरह थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव से भटकी युवती रायगढ़ पहुंची
22 वर्षीय युवती पुसौर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह 9वीं कक्षा तक पढ़ी है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। शनिवार को वह अपने गांव से भटककर रायगढ़ पहुंच गई। रेलवे स्टेशन से जूटमिल की ओर जाते समय चौक रेलवे लाइन के पास दो युवक शराब पीते हुए बैठे थे।
बाथरूम पूछने पर मिली दरिंदगी
पीड़िता ने दोनों भाइयों, अविनाश फिलीप (27) और अमित फिलीप (21), से बाथरूम जाने का स्थान पूछा। सुनने में कमजोर होने के कारण युवती उनकी बात समझ नहीं पाई। इसके बाद दोनों ने इशारे से युवती को अपने घर के बाथरूम का उपयोग करने की बात कही।
युवती की मानसिक हालत का फायदा उठाते हुए उन्होंने उसे अपनी स्कूटी पर बैठाया और पहाड़ मंदिर के पास ले गए। वहां झाड़ियों में ले जाकर दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह थाने पहुंची पीड़िता
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह झाड़ियों से बाहर निकली और सड़क पर पहुंची। ऑटो रिक्शा पकड़कर वह जूटमिल थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, मकान मालिक भी हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि घटना के बाद आरोपियों ने अपने मकान मालिक प्रदीप बोरकर को इसकी जानकारी दी थी। प्रदीप ने न केवल स्कूटी को अपने घर में छिपाया बल्कि आरोपियों को भी पुलिस से बचाने की कोशिश की। पुलिस ने साक्ष्य छिपाने के आरोप में प्रदीप बोरकर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल, पुलिस आरोपियों और घटना से जुड़े अन्य सबूतों की जांच कर रही है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और उसे काउंसलिंग भी दी जा रही है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

