भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के पोटियाडीह गांव में एक युवक, लिनेश साहू (30 वर्ष) ने धर्मांतरण के दबाव से तंग आकर अपनी जान दे दी। शनिवार को हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया।
व्हाट्सएप स्टेटस बना अंतिम गवाही
लिनेश ने आत्महत्या से पहले अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक भावुक संदेश पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर हिंदू धर्म छोड़ने और ईसाई धर्म अपनाने का बार-बार दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया। यह संदेश न केवल उसकी पीड़ा का प्रमाण था, बल्कि पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सबूत भी साबित हुआ।
शादी के बाद शुरू हुआ तनाव
लिनेश का विवाह सितंबर 2023 में करुणा साहू से हुआ था। शादी के कुछ ही महीनों बाद से, उसकी पत्नी करुणा, सास गौरी साहू, ससुर राजकुमार साहू, और साली किरण साहू, उस पर और उसके परिवार पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगे। परिवार के सदस्यों के अनुसार, यह तनाव बढ़ते-बढ़ते इतना गंभीर हो गया कि लिनेश ने अपनी जिंदगी खत्म करने का कदम उठा लिया।
मर्ग कायम कर शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में लिया। व्हाट्सएप स्टेटस और एक व्यक्तिगत संदेश में उसने साफ तौर पर लिखा था कि धर्मांतरण के दबाव और मानसिक प्रताड़ना के कारण ही वह यह आत्मघाती कदम उठा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
गहन जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी करुणा साहू, सास गौरी साहू, ससुर राजकुमार साहू, और पत्नी की बड़ी बहन किरण साहू को गिरफ्तार कर लिया। इन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 108 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर join करे|
https://chat.whatsapp.com/Gicw5el8wSW5GJMECLqkUI

