CG : ED की कार्रवाई पर कवासी लखमा का बड़ा बयान: 'मुझे अनपढ़ समझकर अधिकारियों ने फायदा उठाया....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ :रायपुर,  छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। 2000 करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले में ED ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा और कांग्रेस नेताओं के घर छापेमारी की। इस पर पूर्व मंत्री कवासी लखमा का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने छापेमारी को राजनीति से प्रेरित बताया है और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।  

सुबह से रात तक चली कार्रवाई

कवासी लखमा ने कहा, ईडी की टीम सुबह से रात तक हमारे निवास पर मौजूद रही, लेकिन वहां से कोई भी दस्तावेज़ बरामद नहीं हुआ। अधिकारियों ने मेरे अनपढ़ होने का फायदा उठाया और जो भी कागज लेकर आए, मुझसे उस पर दस्तखत करवा लिए। मैंने उन कागजों को पढ़ने या समझने का मौका तक नहीं पाया। अधिकारी ही सबकुछ तय कर रहे थे।

राजनीतिक साजिश का हिस्सा 

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लखमा ने दावा किया कि यह छापेमारी पूरी तरह से राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने विधानसभा में कई अहम मुद्दे उठाए और बड़े घोटाले उजागर किए। इसके जवाब में भाजपा ने दबाव बनाकर ईडी का इस्तेमाल किया है। यह सब पंचायत चुनाव के मद्देनज़र हमें बदनाम करने की साजिश है।"  

मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई 

पूर्व मंत्री ने बताया कि अधिकारियों ने उनसे उनकी संपत्ति की जानकारी मांगी है और इसके लिए समय दिया गया है। उन्होंने कहा, "मुझे इस कथित घोटाले की कोई जानकारी नहीं है। एपी त्रिपाठी जैसे अधिकारी मुझे अंधेरे में रखते रहे। मेरे और मेरे बेटे के मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं।  

भाजपा पर निशाना

कवासी लखमा ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सब चुनावी रणनीति का हिस्सा है। "भाजपा जानती है कि वह चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सकती, इसलिए इस तरह की रणनीति अपनाकर कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV