भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के कोहका विवेकानंद नगर में हाल ही में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी का मास्टरमाइंड वही राहुल बंसोड निकला, जिसने पांच महीने पहले वैशाली नगर क्षेत्र में पुलिस पर झूठे आरोप लगाने की कोशिश करते हुए मोबाइल टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी थी।
कैसे हुआ मामला उजागर
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता संजय सिंह अपने परिवार के साथ 23 से 28 दिसंबर के बीच बिहार गए हुए थे। इस दौरान उनके घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी चुरा ली गई। चोरी के दौरान चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी, और डीएसएलआर कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू करवाई। एन्टी क्राइम और साइबर यूनिट दुर्ग एवं चौकी स्मृतिनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच में घटनास्थल के फिंगरप्रिंट्स, डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया गया।
सीसीटीवी ने खोला राज
सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि 26 और 27 दिसंबर की मध्यरात्रि, दो संदिग्ध व्यक्तियों को घर में घुसते और बाहर निकलते हुए देखा गया। पुलिस ने ‘त्रिनयन’ एप के माध्यम से 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति का हुलिया राहुल बंसोड से मेल खाता दिखा, जो पहले भी कई चोरियों में शामिल रह चुका है।
राहुल बंसोड के खर्चे की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि वह चोरी के पैसों से बेहिसाब खर्च कर रहा था। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। पहले तो उसने गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर वह टूट गया और चोरी की सच्चाई उगल दी।
चोरी का सामान और आरोपियों की गिरफ्तारी
राहुल ने बताया कि उसने यह चोरी अपने साथी प्रदीप कुमार चौधरी के साथ मिलकर की थी। चोरी के सामान को उसने अपनी मां किरण बंसोड के पास छिपा रखा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किरण बंसोड और प्रदीप चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके पास से लगभग 374 ग्राम सोने के गहने (कीमत 31.26 लाख), चांदी के गहने (कीमत 1.80 लाख), डीएसएलआर कैमरा (50 हजार), छोटा कैमरा (20 हजार), दो स्मार्टवॉच (10 हजार), एक मोबाइल टैबलेट (15 हजार), और घटना में इस्तेमाल लाल रंग की स्कूटी (50 हजार) समेत कुल 34.51 लाख रुपये का सामान बरामद किया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस मामले के सफल निपटारे में पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट के साथ चौकी स्मृति नगर की टीम ने बेहतरीन काम किया। इस टीम में एएसआई पूर्ण बहादुर, प्रधान आरक्षक जितेंद्र चंद्राकर, आरक्षक अनुप शर्मा, मोहम्मद शाहबाज खान, संतोष गुप्ता, पन्ने लाल, जुगनू सिंह, शिव मिश्रा, उपेंद्र यादव, भावेश पटेल और तकनीकी टीम के विकास सिंह, विकांत यदु, आरती सिंह सहित कई अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस की सूझबूझ और सटीक कार्रवाई से न केवल आरोपियों को पकड़ा गया बल्कि लाखों रुपये का चोरी का सामान भी बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र के नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

