इमरान खान को 14 साल की जेल और उनकी पत्नी 7 साल की सजा , पाकिस्तान में राजनीतिक भूचाल...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : इस्लामाबाद , पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई है। अदालत ने इमरान खान को 14 साल और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 7 साल की जेल की सजा दी है। यह फैसला भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में सुनाया गया, जिसमें दोनों पर 50 अरब पाकिस्तानी रुपये के घोटाले का आरोप है।  

अल-कादिर ट्रस्ट मामले में इमरान खान और बुशरा बीबी पर ट्रस्ट के नाम पर सरकारी धन और विदेशी निवेशकों के पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप था। अदालत ने पाया कि उन्होंने इस रकम का उपयोग अपने निजी फायदे के लिए किया।  

भारी जुर्माना भी लगाया गया

जेल की सजा के साथ-साथ अदालत ने इमरान खान पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपये और बुशरा बीबी पर 5 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जुर्माना न भरने की स्थिति में इमरान खान और बुशरा बीबी को अतिरिक्त 6 महीने की सजा भुगतनी होगी।  

बुशरा बीबी की गिरफ्तारी 

फैसले के तुरंत बाद अदालत ने बुशरा बीबी की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। फैसले के समय वह अदालत की अस्थायी जेल में ही मौजूद थीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया।  

विपक्ष ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध

पीटीआई के चेयरमैन और इमरान खान के वकील बैरिस्टर गौहर अली खान ने इस फैसले को राजनीतिक साजिश बताया। उनका कहना है कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि निष्पक्ष सुनवाई होने पर इमरान खान और बुशरा बीबी को रिहाई मिल सकती है।  

पिछले दो सालों में बढ़ा कानूनी शिकंजा

इमरान खान की सरकार के पतन के बाद से उन पर लगातार कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। 2023 में उन्हें पहली बार जेल भेजा गया था, और तब से उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। इमरान खान का कहना है कि यह सभी मामले राजनीति से प्रेरित हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश का हिस्सा हैं।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV