भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : केरल के एर्नाकुलम में एक 15 वर्षीय छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित परिवार ने दावा किया है कि स्कूल में मिहिर को लगातार रैगिंग और धमकियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके चलते उसने अपनी जान दे दी। 15 जनवरी को उसने थ्रिपुनिथुरा स्थित अपने अपार्टमेंट की 26वीं मंजिल से छलांग लगा दी। मिहिर की मां, रजना, ने इस दर्दनाक घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसने व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया।
रजना के अनुसार, मिहिर को न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया बल्कि उसे मानसिक रूप से भी अपमानित किया गया। उनके पोस्ट में बताया गया कि स्कूल के कुछ छात्रों ने उसे जबरन वॉशरूम में घसीटा और टॉयलेट सीट चाटने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, उसके सिर को जबरन कमोड में डालकर फ्लश कर दिया गया। इस अमानवीय कृत्य से मिहिर पूरी तरह टूट गया था।
परिवार ने घटना की गहराई से जांच करने के लिए मिहिर के दोस्तों और सहपाठियों से बात की और सोशल मीडिया पर मौजूद संदेशों की पड़ताल की। इससे पता चला कि स्कूल और बस में छात्रों का एक गिरोह उसे लगातार प्रताड़ित करता था। वे उसे न केवल धमकाते थे, बल्कि शारीरिक रूप से भी नुकसान पहुंचाते थे।
रजना ने बताया कि मिहिर के साथ केवल शारीरिक शोषण ही नहीं हुआ बल्कि उसके रंग-रूप का भी मजाक उड़ाया जाता था। यहां तक कि उसकी मृत्यु के बाद भी कुछ छात्र उसका अपमान करने से नहीं रुके। उन्होंने एक चैट का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें कुछ लड़के मिहिर की मौत पर खुशी मनाते दिखे।
परिवार ने सभी सबूतों के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय और डीजीपी को पत्र सौंपा है और त्रिपुनिथुरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि, परिवार को आशंका है कि डिजिटल साक्ष्य इकट्ठा करने में देरी होने पर दोषी अपने अपराध के निशान मिटा सकते हैं।
रजना का कहना है कि उनके बेटे की मौत व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस भयावह घटना के दोषियों को कड़ी सजा मिले और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सिस्टम में व्यापक बदलाव किए जाएं ताकि किसी और बच्चे को मिहिर की तरह दर्द न सहना पड़े।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

