बड़ी खबर : महाकुंभ में मची भगदड़ : 17 की मौत , 50 से ज्यादा लोग घायल , रोते बिलखते अपनों को तलाशते रहे लोग...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब संगम तट पर अचानक भगदड़ मच गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अब तक 17 श्रद्धालुओं की मृत्यु की सूचना है, जबकि 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्परता से महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य पूरे जोरों पर जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

हजारों श्रद्धालु मौनी अमावस्या के अवसर पर संगम में स्नान के लिए उमड़ पड़े। संगम नोज के पास भीड़ अत्यधिक बढ़ जाने के कारण स्थिति अनियंत्रित हो गई। अचानक भगदड़ मचने से कई लोग नीचे गिर गए और दबने से उनकी जान चली गई। प्रशासन के मुताबिक, यह भगदड़ एक अफवाह के चलते हुई, जिसने माहौल को और भयावह बना दिया।

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की त्वरित प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक घंटे में दो बार बात कर हालात की समीक्षा की। साथ ही, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री से बातचीत कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

सीएम योगी की अपील

भगदड़ के लगभग 7 घंटे बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की:

- अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।

- प्रशासन के निर्देशों का पालन करें ताकि स्थिति सामान्य हो सके।

- जहां हैं, वहीं स्नान करें, संगम पर न आये ।

अखाड़ों ने भी किया प्रशासन का सहयोग

कुंभ मेला अधिकारी विजय किरन आनंद ने अखाड़ों से अनुरोध किया कि वे अमृत स्नान न करें, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने की बात कही।

स्थिति कैसे बिगड़ी?

आधी रात के बाद संगम तट के पास श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। रात करीब दो बजे जब स्नान के लिए धक्का-मुक्की बढ़ी, तो भगदड़ मच गई। इस अफरातफरी में कई लोग गिर पड़े और उठ नहीं सके। जिन लोगों ने भागने की कोशिश की, वे भी भीड़ में दब गए।

स्थिति नियंत्रण में, पर सावधानी जरूरी

प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन श्रद्धालुओं से अपील है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की ग़लत जानकारी पर भरोसा न करें। 

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV