भिलाई में दोस्ती का खौफनाक अंत: पैसों के विवाद में हत्या, 2 साल बाद आरोपी गिरफ्तार....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के वैशाली नगर पुलिस ने दो साल पुराने एक जघन्य हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या महज पैसों के लेन-देन से उपजे विवाद का नतीजा थी। 

घटना का विवरण:

6 मार्च 2022 की बात है। वरुण कुमार श्रेय और उसका करीबी दोस्त कालिया उर्फ अरथ नेताम पेंटिंग का काम करते थे। दोनों की दोस्ती काफी पुरानी थी, लेकिन पैसों के लेन-देन ने इस रिश्ते को कड़वाहट से भर दिया। घटना वाले दिन दोनों ने मिलकर जवाहर नगर की शराब भट्टी के पास जमकर शराब पी। लेकिन उसी रात यह दोस्ती एक खूनी मोड़ ले लेती है।  

7 मार्च की सुबह पुलिस को जवाहर नगर शराब भट्टी के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने शव को सुपेला अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने तस्वीरें स्थानीय वाट्सएप ग्रुप में साझा कीं। मृतक की पत्नी संतोषी ने शव की पहचान अपने पति वरुण कुमार श्रेय के रूप में की।

हत्या का कारण और आरोपी का कबूलनामा:

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का आखिरी साथी उसका दोस्त कालिया था। हिरासत में लिए जाने पर कालिया ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि दोनों के बीच पेंटिंग के काम के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। कालिया कई बार वरुण से पैसे लौटाने की बात कह चुका था, लेकिन जब वरुण ने पैसे नहीं लौटाए, तो उसने हत्या की साजिश रच डाली।  

कालिया ने वरुण को शराब पीने के बहाने बुलाया। दोनों ने अत्यधिक शराब पी और नशे की हालत में कालिया ने डंडे से बेरहमी से मारकर वरुण की जान ले ली। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।  

पुलिस की जांच और कार्रवाई:

पुलिस ने साक्ष्य जुटाने और गहन जांच के बाद 4 जनवरी 2025 को हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी कालिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV