दुर्ग जिले में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की तैयारी: कलेक्टर ने की समीक्षा...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव 2025 के कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद से दुर्ग जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। इस दौरान, व्हाट्सएप पर किसी भी राजनीतिक दल, व्यक्ति, जाति या धर्म से संबंधित कोई भी पोस्ट साझा करने से बचें और अपने अधीनस्थों को भी ऐसा करने से मना करें। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से लेकर परिणाम आने तक सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करेंगे।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में आयोजित अधिकारियों की बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह बातें कही। उन्होंने जानकारी दी कि दुर्ग जिले में नगरीय निकायों का चुनाव एक चरण में और त्रिस्तरीय पंचायतों का चुनाव तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 22 जनवरी 2025 से शुरू होगी और 28 जनवरी 2025 को समाप्त होगी। नाम वापसी की तिथि 31 जनवरी 2025 तय की गई है। मतदान 11 फरवरी 2025 को होगा और मतगणना 15 फरवरी 2025 को की जाएगी।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन 27 जनवरी 2025 से 3 फरवरी 2025 तक होगा। नाम वापसी की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2025 है। मतदान तीन चरणों में, 17, 20 और 23 फरवरी 2025 को होगा। नगरीय निकायों में ईवीएम के माध्यम से और पंचायत चुनाव में मतपत्र से मतदान किया जाएगा।

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां बेहतर तरीके से निभानी होंगी। उन्होंने ईवीएम, मतपत्र और मतपेटियों की सही व्यवस्था सुनिश्चित करने, नामांकन स्थलों की तैयारियों और मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आरओ और ईआरओ से आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और चुनाव से जुड़े हर काम में विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में एडीएम अरविंद एक्का, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह, नगरीय निकायों के आयुक्त, नगर पालिका और नगर पंचायतों के सीएमओ, और विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV