छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई: कार से 212 किलो चांदी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) सारंगगढ़ बिलाईगढ़  पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से बिना बिल के 212 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए और दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

जिले के कंचनपुर बेरियर के पास संदिग्ध वाहनों की तलाशी के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद हुंडई वेन्यू कार (वाहन क्रमांक सीजी 04 एनजेड 2277) को रोका गया। कार में दो लोग सवार थे।

पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम पप्पू साहू और बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम रामरूची पटेल बताया। दोनों रायपुर जिले के मुजगहन के निवासी निकले।

वाहन की जांच करने पर पीछे की डिक्की और सीटों के पास 22 छोटे-बड़े बैग मिले, जिनका रंग नीला, काला, कत्था और हरा था। इसके अलावा, एक सफारी कंपनी का अटैची भी मिला, जिसमें विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण और पांच अलग-अलग आकार की चांदी की सिल्ली रखी हुई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह चांदी रायपुर से ओडिशा होते हुए सरिया सारंगढ़ ले जा रहे थे। जब उनसे चांदी के स्वामित्व और परिवहन से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा गया, तो वे कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके संयुक्त कब्जे से 212.600 किलोग्राम चांदी के आभूषण और सिल्ली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 91 लाख 60 हजार रुपये है, जब्त कर ली। साथ ही, परिवहन में इस्तेमाल की गई कार जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है, उसे भी ज़ब्त किया गया।

इस पूरी कार्रवाई को धारा 106 बीएन एसएस के तहत अंजाम दिया गया और इसकी जानकारी आयकर तथा जीएसटी विभाग को भी भेजी गई।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV