गोद भराई के रस्मों के बीच गर्म तेल की कढ़ाई में गिरा 2 साल का बच्चा , गंभीर रूप से झुलसकर हुई मौत...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : मप्र , भोपाल के निशातपुरा क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना ने साहू परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। सोमवार रात को हुए इस हादसे ने परिवार और आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया।

खुशियों का माहौल, अनहोनी की आहट

शिव नगर, छोला निवासी और प्रतिष्ठित व्यापारी राजेश साहू के परिवार में सोमवार को उनके भतीजे की सगाई और गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। संस्कार गार्डन में यह आयोजन बेहद धूमधाम से संपन्न हुआ। परिवार के सभी लोग आपस में खुशियां बांट रहे थे। मेहमान जा चुके थे, और रात के करीब 11 बजे हलवाई अपना काम समेटने लगे थे।

खेलते-खेलते हुआ हादसा

कार्यक्रम के बाद हलवाई ने गर्म तेल की कढ़ाई भट्टी से उतारकर नीचे रख दी। दो साल का मासूम अक्षांश परिवार के बीच खेलते-खेलते अचानक कढ़ाई के पास पहुंच गया। खेलते हुए उसका संतुलन बिगड़ा और वह गर्म तेल से भरी कढ़ाई में जा गिरा।

उसकी चीख सुनकर पूरा परिवार दौड़ पड़ा। किसी ने तुरंत उसे उठाया और पास के अस्पताल ले जाया गया। मासूम का गला से नीचे तक लगभग 50 प्रतिशत शरीर झुलस चुका था।

अस्पताल में मौत, पिता का दर्द

डॉक्टरों ने अक्षांश की स्थिति को गंभीर बताया। पूरी कोशिशों के बावजूद मंगलवार सुबह मासूम अक्षांश ने दम तोड़ दिया। पिता राजेश को इस बात पर भरोसा नहीं हुआ। वह अपने बेटे के शरीर को लेकर दूसरे बड़े अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने कोई उम्मीद नहीं जताई। यह सुनते ही राजेश साहू बेसुध होकर गिर पड़े।

खुशियों के घर में छाया मातम

यह घटना परिवार के लिए एक ऐसी चोट बनकर आई, जिसकी भरपाई असंभव है। जहां कुछ घंटे पहले परिवार में हंसी-खुशी का माहौल था, वहीं अब गहरे दुख और सन्नाटे ने घर को घेर लिया|

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV