पत्रकार सुरक्षा कानून पर फिर आश्वासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बीजापुर की घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और यह पूरे देश ने देखा। हालांकि, टाइमलाइन पर सवाल किए जाने पर उन्होंने चुप्पी साध ली।
यह पहली बार नहीं है जब पत्रकार सुरक्षा कानून की घोषणा की गई है। लंबे समय से इस कानून की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक यह केवल वादों और घोषणाओं तक ही सीमित रहा है।
338 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय ने गरियाबंद में 338 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा, उन्होंने देवभोग में झाखरपारा मार्ग से जुड़े 36 गांवों को जोड़ने के लिए बेलाट नाला पर पुल निर्माण की घोषणा भी की।
सुपबेड़ा गांव के लिए बड़ा कदम
सीएम ने किडनी रोग से पीड़ित सुपबेड़ा गांव के मुद्दे पर भी ध्यान दिया। उन्होंने विशेषज्ञों से संपर्क कर गांव की समस्या पर गहन रिसर्च करवाने का वादा किया।
नक्सलवाद मुक्त प्रदेश का लक्ष्य
नक्सलवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर इस लड़ाई को अंतिम चरण तक ले जाने का भरोसा जताया।

