दुर्ग में म्यूल अकाउंट्स का खुलासा: 35 गिरफ्तार, 3 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। दुर्ग जिले के मोहन नगर पुलिस ने म्यूल अकाउंट से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन खातों के जरिए कुल 2 करोड़ 85 लाख रुपए के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार किए गए लोगों में 15 खाता धारक और 20 ऐसे लोग शामिल हैं, जिन्होंने ये खाते उपलब्ध कराए थे। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस ऑपरेशन में थाना मोहन नगर और एसीसीयू स्टाफ, दुर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  

दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला के निर्देशन में एएसपी सुखनंदन राठौर और सीएसपी दुर्ग चिराग जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिव चंद्रा और उनकी टीम लगातार ऑनलाइन ठगी के मामलों पर नजर रख रही है। इसी प्रयास के तहत, गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से कर्नाटक बैंक की स्टेशन रोड शाखा, दुर्ग में संचालित म्यूल खातों की जांच की गई। 

जांच में यह पाया गया कि कर्नाटक बैंक की इस शाखा में कुल 111 खातों का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी राशि जमा करने के लिए किया गया था। इन खातों में कुल 86 लाख 33 हजार 247 रुपए का साइबर ठगी से संबंधित लेनदेन हुआ।  

जांच में यह भी सामने आया कि इन 111 खातों का उपयोग अवैध तरीके से धन प्राप्त करने के लिए किया गया था। इन खातों में ऑनलाइन ठगी से आई रकम ट्रांसफर की गई, जिनकी शिकायतें विभिन्न राज्यों के थानों में दर्ज थीं। खास बात यह है कि खाताधारक भी इस गतिविधि से अवगत थे। मोहन नगर पुलिस ने इन खाताधारकों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने साइबर ठगी से जुड़ी राशि अपने खातों में ली थी।  

अब तक की जांच में 2 करोड़ 85 लाख रुपए के लेनदेन का पता चला है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि बैंक खाते किराए पर लेने और देने का एक संगठित गिरोह काम कर रहा है। कर्नाटक बैंक के इन म्यूल खाताधारकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317 (2), 317 (4), 318 (4), 61 (2), (क) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।  

अब तक 15 खाताधारकों और 20 खातों की सुविधा देने वालों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV