भिलाई के 4 जोनों में बनेगा सर्वसुविधायुक्त मल्टीपरपज बैडमिंटन ग्राउंड, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का केंद्र....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर के चार जोनों में सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक बैडमिंटन ग्राउंड बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण करते हुए खिलाड़ियों के लिए बनने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस निरीक्षण में कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।  

क्या होंगी बैडमिंटन ग्राउंड की खासियतें?  

ग्राउंड में खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक एस्टोटर्फ कोर्ट बनाए जाएंगे। चारों तरफ मजबूत फैसिंग, नायलॉन नेट और एलईडी फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी, जिससे खिलाड़ी दिन और रात दोनों समय प्रैक्टिस कर सकें। यह ग्राउंड मल्टीपरपज होगा, यानी इसमें बैडमिंटन के साथ-साथ नेटबॉल, फुटबॉल और बैट प्रैक्टिस जैसी गतिविधियों के लिए भी स्थान उपलब्ध होगा। चारों ओर नेट लगाने से बैडमिंटन कॉक या बॉल बाहर नहीं जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बाधारहित प्रैक्टिस करने का मौका मिलेगा।  

महापौर परिषद की स्वीकृति से हो रहा निर्माण

बैडमिंटन ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव महापौर परिषद की बैठक में प्रस्तुत किया गया था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके बाद चार स्थानों को चयनित किया गया:  

1. जोन-1: नेहरू नगर, वार्ड क्रमांक 5, वाहन शाखा के पास नेशनल हाईवे के समीप।  

2. जोन-2: वैशाली नगर, वार्ड क्रमांक 24, सियान सदन के बगल में।  

3. जोन-3: मदर टेरेसा नगर, वार्ड क्रमांक 56, घासीदास उद्यान के अंदर।  

4. जोन-4: शिवाजी नगर खुर्सीपार, वार्ड क्रमांक 49, श्री राम चौक खेल मैदान के अंदर।  

खिलाड़ियों को बनाया जाएगा संरक्षक

आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैडमिंटन ग्राउंड का निर्माण इस तरह किया जाए कि यह अधिकतम लोगों के उपयोग में आए। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को जोड़कर एक समिति बनाई जाए, ताकि वे न केवल इन सुविधाओं का सही उपयोग कर सकें, बल्कि उनकी सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी भी समझें।  


  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV