भिलाई: गोमांस बिक्री के मामले में दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, सुपेला पुलिस ने जेल भेजा, पुलिस ने 40 किलो मांस और गायों की खालें की थी बरामद...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के सुपेला क्षेत्र में गोमांस बेचने के एक बड़े मामले में पुलिस ने दूसरा आरोपी मोहम्मद अनीस कुरैशी (52) को गिरफ्तार कर लिया है। अनीस कुरैशी को तकियापारा इलाके से पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। इससे पहले इस मामले में मुख्य आरोपी राज सोनी उर्फ राजेश को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपी अनीस कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और उसके खिलाफ धारा 325, 3(5) बीएनएस, 10 छत्तीसगढ़ कृषिक परिरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।  

19 जनवरी को बजरंग दल के सदस्यों ने कृष्णा नगर हड्डी गोदाम के पास गोमांस बेचे जाने की सूचना पर स्टिंग ऑपरेशन कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। स्टिंग के बाद इलाके में भारी हंगामा हुआ, जिसके चलते गोमांस बेचने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए।  

घटना के बाद सुपेला पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी राज सोनी को बुधवार को कृष्णा नगर हड्डी गोदाम इलाके से गिरफ्तार किया। राज सोनी के मकान से पुलिस ने करीब 10 किलो गोमांस और दूसरे मकान से 30 किलो गोमांस जब्त किया। इसके अलावा, अनीस कुरैशी के गोदाम से 10 गायों की खालें बरामद की गईं।  

फरार चल रहे दूसरे आरोपी, मोहम्मद अनीस कुरैशी, को गुरुवार को पुलिस ने तकियापारा गनी पार्षद के घर के पास से गिरफ्तार किया। अनीस के गोदाम से पुलिस को 10 गायों की खालें बरामद हुई थीं।  

इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। गोमांस खरीदने वाले एक युवक, लोकेश सोनी, ने हंगामे से डरकर अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों का आरोप है कि डर के कारण लोकेश मानसिक रूप से परेशान होकर खौफनाक कदम उठाया था।  

बजरंग दल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन के बाद यह मामला प्रकाश में आया। संगठन का कहना है कि वह ऐसे अवैध कार्यों को रोकने के लिए सक्रिय है। दूसरी ओर, पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी सबूतों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।  

सुपेला पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अन्य संभावित संदिग्धों की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या गोमांस की आपूर्ति के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV