भिलाई में 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत, छोटा हाथी वाहन ने गली में खेल रहे मासूम की जिंदगी छीन ली परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन ने गली में खेल रहे 4 साल के मासूम को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वाहन ड्राइवर की लापरवाही इस घटना की वजह बनी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

यह घटना शांति नगर, सत्यम चौक, भिलाई-3 की है। हर्ष मांडले नाम का यह बच्चा अपने परिवार के साथ एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान उसकी मां लीमन मांडले घरेलू काम में व्यस्त थीं, और हर्ष अपनी 8 साल की बहन तान्या के साथ घर के बाहर खेल रहा था।

शाम लगभग 6:30 बजे, टेंट का सामान लेकर एक छोटा हाथी वाहन (गाड़ी नंबर CG 07 AV 8148) वहां पहुंचा। ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए हर्ष को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल हर्ष को लेकर भिलाई के बीएम शाह हॉस्पिटल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

बच्चे के पिता, शैलेंद्र मांडले ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ आईपीसी की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

परिजनों की मांग: दोषी को मिले सख्त सजा

हर्ष की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। परिजन गुस्से में हैं और उन्होंने आरोपी ड्राइवर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही ने उनके मासूम बेटे की जिंदगी छीन ली।

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV