दुर्ग : निर्माणाधीन भवनों से चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 5 आरोपी गिरफ्तार, 5.70 लाख की संपत्ति बरामद...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : (छग) दुर्ग पुलिस ने निर्माणाधीन भवनों से सेन्ट्रिंग प्लेट और कंक्रीट मिक्सर मशीन चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह चोरी की सामग्री ले जाने के लिए ई-रिक्शा और अन्य मालवाहक वाहनों का उपयोग करता था। पुलिस ने 295 लोहे की सेन्ट्रिंग प्लेट, 4 कंक्रीट मिक्सर मशीन और घटना में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा सहित कुल 5.70 लाख रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।  

संयुक्त टीम की सराहनीय कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) अभिषेक जाने ने बताया कि दुर्ग शहर में निर्माणाधीन मकानों से हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नेवई, भिलाई नगर, पद्यनाभपुर और पुलगांव थानों की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम को घटनाओं के तार जोड़ने और आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।  

सूचना के आधार पर छापा

मुखबिर से सूचना मिली कि पांच संदिग्ध युवक चोरी की सेन्ट्रिंग प्लेट और मिक्सर मशीन बेचने की फिराक में हैं। टीम ने स्टेशन मरीदा के पास ब्रिज के नीचे छापा मारकर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम प्रकाश गुप्ता, चेतन यादव, टीकम शर्मा, शंकर साहू और भरत सार्वा बताया।  

चोरी की साजिश और तरीका

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे निर्माणाधीन मकानों से चोरी की गई सामग्री को किराये पर ली गई ई-रिक्शा और अन्य वाहनों से ले जाते थे। वे अंजान वाहन चालकों को भाड़े पर लेकर चोरी का माल दूसरी जगह पहुंचाते थे। चोरी की गई सामग्री को वे सुनसान जगहों पर छिपाकर रखते और बाद में बेचने की योजना बनाते थे  

मकानों और स्थानों से चोरी का विवरण

आरोपियों ने नेवई क्षेत्र के मैत्री कुंज, दयानगर गैस एजेंसी, भिलाई नगर, पद्यनाभपुर और पुलगांव क्षेत्रों से चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि मैत्री कुंज में एक निर्माणाधीन मकान से 60 सेन्ट्रिंग प्लेट, दयानगर से 160 प्लेट, और अन्य स्थानों से 4 कंक्रीट मिक्सर मशीन चुराई थी।  

बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 295 सेन्ट्रिंग प्लेट, 4 कंक्रीट मिक्सर मशीन और एक ई-रिक्शा बरामद किया। बरामद सामान की कुल कीमत 5.70 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।  

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

इस सफलता में एसीसीयू के नरेंद्र सिंह राजपूत, प्र.आर. मेघराज चेलक, पंकज चतुर्वेदी, चित्रसेन साहू, और अन्य अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। थाना नेवई, भिलाई नगर, पद्यनाभपुर और पुलगांव के पुलिसकर्मियों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।  

गिरफ्तार आरोपी:

1. प्रकाश गुप्ता (32 वर्ष), निवासी दीपरा पारा, दुर्ग  

2. चेतन यादव (19 वर्ष), निवासी उरला, नेवई  

3. टीकम शर्मा (28 वर्ष), निवासी मठपारा, दुर्ग  

4. शंकर साहू (27 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, बघेरा  

5. भरत सार्वा (24 वर्ष), निवासी मठपारा, दुर्ग  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV