भिलाई में चाइनीज मांझे का कहर: ओवरब्रिज पर बाइक सवार का चेहरा बुरी तरह जख्मी, नाक और आंख पर गहरी चोट के साथ 6 टांके लगे....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई शहर के पावर हाउस इलाके में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें 28 वर्षीय युवक फिरोज खान चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। यह हादसा तब हुआ जब फिरोज अपनी बाइक से फरीद नगर से छावनी चौक की ओर जा रहा था। ओवरब्रिज के पास अचानक कटी पतंग हवा में उड़ते हुए आई और उस पर बंधे चाइनीज मांझे ने फिरोज के चेहरे को बुरी तरह घायल कर दिया।  

नाक और आंख के पास गहरी चोटें

इस हादसे में फिरोज की नाक और आंख के पास गहरी कट लगी, जिसके कारण खून से लथपथ हालत में उसे उसके दोस्तों ने तत्काल सुपेला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि चोट गंभीर थी, और उसके चेहरे पर 6 टांके लगाने पड़े।पीड़ित युवक फिरोज खान फरीद नगर का निवासी है और पावर हाउस में कार गैरेज चलाता है। 

चाइनीज मांझे की विक्रय पर प्रतिबंध के बावजूद इस्तेमाल जारी

भिलाई में चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले ही इसी मांझे से एक अन्य युवक का गला कट गया था, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।  

भले ही नगर निगम प्रशासन ने बाजारों में चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए कई बार अभियान चलाए हों, लेकिन इसकी बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। इस मांझे का उपयोग न केवल प्रतिबंधित है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो रहा है।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV