भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : गुरुवार सुबह 3 बजे एक बेहद चौंकाने वाली घटना में, बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में एक अनजान शख्स ने घुसकर हमला कर दिया। चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुए उस व्यक्ति ने सैफ पर चाकू से वार कर दिया, जिससे अभिनेता को कई जगह गंभीर चोटें आईं। सैफ अली खान को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी होने की बात सामने आयी है।
घटना का विवरण
सूत्रों के अनुसार, यह शख्स चोरी के इरादे से पाईपलाइन के माध्यम से घर में दाखिल हुआ था। पकड़े जाने पर उसने घर की मेड के साथ बहस शुरू कर दी। जब यह हंगामा सैफ ने सुना, तो वे तुरंत मामले को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। सैफ ने समझदारी और धैर्य दिखाते हुए शख्स को शांत करने की कोशिश की। लेकिन बात बिगड़ गई, और शख्स ने चाकू निकालकर सैफ पर कई बार वार कर दिया।
चोटों का विवरण और इलाज
हमले के बाद सैफ को रात 3:30 बजे लीलावती अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स के अनुसार, उनके शरीर पर कुल 6 जख्म के निशान हैं, जिनमें से दो गहरे हैं। इनमें से एक चोट रीढ़ की हड्डी के पास बताई जा रही है। सैफ का इलाज न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. लीना जैन और एनेस्थेटिस्ट डॉ. निशा गांधी की देखरेख में हो रहा है। अस्पताल के सीईओ नीरज उत्तमानी ने बताया कि सर्जरी के बाद ही सैफ की स्थिति पर अधिक जानकारी दी जा सकेगी।
घटना के दौरान सैफ की पत्नी करीना कपूर, और बच्चे तैमूर व जेह पूरी तरह से सुरक्षित रहे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर तुरंत जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

