बिस्तर में छुपा खजाना: 95 साल के बुजुर्ग ने बिस्तर में छिपाकर रखे थे 3 लाख , मौत के बाद बिस्तर जलाया तो साथ जल गए 3 लाख रुपये, परिवार और गांववाले रह गए हैरान...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर के पनियार गांव में एक ऐसी घटना हुई जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां 95 साल के एक बुजुर्ग का सोमवार को निधन हो गया। परिवार ने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया और उनके कपड़े व बिस्तर को परंपरा के अनुसार जलाने का फैसला किया। लेकिन जैसे ही बिस्तर को आग लगाई गई, उसमें से 500 रुपये के जले हुए नोट बाहर गिरने लगे। यह नज़ारा देखकर हर कोई चौंक गया।

छुपे हुए तीन लाख रुपये का सच

परिवार और गांववालों को इस बात का ज़रा भी अंदाजा नहीं था कि बुजुर्ग ने अपने बिस्तर में 3 लाख रुपये छुपा रखे थे। यह बात तब सामने आई जब आग की लपटों से जले हुए नोटों का बंडल चिमनी से बाहर गिरा। तुरंत आग बुझाई गई और बिस्तर को खंगाला गया, जिसके अंदर से कई नोटों के बंडल बरामद हुए। हालांकि, ये सभी नोट बुरी तरह से जल चुके थे।

बैंक से निकालकर बिस्तर में छुपाए थे रुपये

गांववालों के अनुसार, बुजुर्ग जीवनभर खेतीबाड़ी करते रहे। उनके बेटे सरकारी नौकरी में हैं और परिवार को यह तो पता था कि बुजुर्ग के बैंक खाते में अच्छी-खासी रकम जमा है। लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि वे इतनी बड़ी रकम बैंक से निकालकर अपने बिस्तर में छिपा देंगे।

कुछ दिन पहले ही उन्होंने बैंक से 3 लाख रुपये निकाले थे। परिजनों को लगता था कि यह रकम बैंक में ही है, लेकिन असल में वह बिस्तर के भीतर छिपाई हुई थी।

परंपराओं के चलते रकम जल गई

बुजुर्ग की मौत के बाद उनके कपड़ों और बिस्तर को जलाना एक परंपरा का हिस्सा था। लेकिन किसी को भी यह पता नहीं था कि बिस्तर में लाखों रुपये छिपे हुए हैं। जैसे ही आग ने बिस्तर को अपनी चपेट में लिया, 500 रुपये के नोट जलते हुए बाहर गिरने लगे। जब तक आग बुझाई गई, तब तक पूरी रकम लगभग खाक हो चुकी थी।

परिजनों और गांववालों की प्रतिक्रिया

इस घटना के बाद से गांव में यह चर्चा का विषय बन गया है। परिजनों ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। वहीं, गांव के लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि बुजुर्ग ने इतनी बड़ी रकम घरवालों से क्यों छिपाई।


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV