भिलाई : चलती वैन में आग का कहर: ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए कार से तुरंत निकलकर बचाई अपनी जान , फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझाई आग....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ भिलाई टाउनशिप में गुरुवार दोपहर एक अजीब घटना ने सभी को हैरान कर दिया। फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर एक चलती हुई वैन में अचानक आग लग गई। ड्राइवर ने सूझबूझ से काम लेते हुए कार छोड़कर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई। वैन का ड्राइवर गाड़ी चला रहा था, तभी उसे कार के अंदर से जलने की तेज गंध महसूस हुई। उसने तुरंत गाड़ी रोककर जांच करने की कोशिश की। लेकिन चंद सेकंड में ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। ड्राइवर ने तुरंत खुद को गाड़ी से दूर किया और सुरक्षित जगह पर चला गया।

लोगों की तत्परता और पुलिस की कार्रवाई

आसपास के लोग, जो उस वक्त मौके पर मौजूद थे, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 पर फोन कर जानकारी दी गई। भिलाई नगर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग

पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया। दमकल कर्मियों ने तुरंत एक टैंकर पानी का उपयोग करते हुए आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, वैन पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। भिलाई नगर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।