भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग रेलवे स्टेशन के गुड्स यार्ड में शनिवार सुबह एक खाली एसी स्पेयर कोच में अचानक आग लग गई। कोच से निकलते धुंए ने सभी का ध्यान खींचा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और Government Railway Police (GRP) तुरंत हरकत में आईं। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कई दिनों से खड़ी थी बोगी
जानकारी के अनुसार, एसी थ्री टियर कोच कई दिनों से यार्ड में खड़ी थी। इन बोगियों को जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में लगाया जाता है। शनिवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच रेलवे कर्मचारियों ने बोगी से धुआं निकलते देखा। जब कोच के अंदर जाकर देखा गया, तो पता चला कि वहां आग लगी हुई है।
तुरंत कार्रवाई से बचा बड़ा हादसा
कर्मचारियों ने फौरन रेलवे प्रबंधन को सूचित किया। आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर पानी और फोम का छिड़काव कर काबू पाया गया।
मोहन नगर पुलिस कर रही है जांच
जिस स्थान पर बोगी खड़ी थी, वह मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। आग लगने की खबर मिलते ही मोहन नगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने आसपास के निवासियों और रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
बड़ा हिस्सा जलकर हुआ खाक
इस हादसे में कोच का बड़ा हिस्सा जल गया है। रेलवे प्रबंधन और पुलिस मिलकर घटना की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट थी या कोई अन्य कारण।
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

