दुर्ग-धमधा फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बुलेट का कहर: अचानक मोड़ पर बाइक फिसली, बैरिकेड्स से टकराने से एक दोस्त की मौत, दूसरे की हालत बेहद गंभीर.....

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : दुर्ग-धमधा रोड को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने दो दोस्तों की जिंदगी को पलट कर रख दिया। बुलेट सवार तेज रफ्तार बाइक फिसलने के कारण हुए इस हादसे में शंकरनगर निवासी विवेक उमरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी संजीत साहू की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।  

हादसे का विवरण

यह घटना रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुई, जब विवेक और संजीत अपनी बुलेट (CG 07CT 8916) पर धमधा की ओर से दुर्ग लौट रहे थे। उनकी बाइक तेज रफ्तार में थी और ओवरब्रिज पर अचानक आए मोड़ तथा बैरिकेड्स ने उन्हें हड़बड़ा दिया। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों सड़क पर कई मीटर तक घिसटते हुए लोहे के बैरिकेड्स से टकरा गए।  

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संजीत का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सिर में गहरी चोट के कारण पुलिस अभी तक संजीत का बयान नहीं ले पाई है।  

पुलिस की जांच और परिजनों की पूछताछ

हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। विवेक के शव को मरचुरी में रखा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को सौंपा जाएगा। दूसरी ओर, संजीत की हालत को देखते हुए डॉक्टर उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी कर रहे हैं।  

मामले में पुलिस द्वारा हादसे की वजह और दोनों युवकों की गतिविधियों की जांच के लिए परिजनों से पूछताछ की जाएगी। यह जानने की कोशिश की जाएगी कि वे इतनी रात को कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे।  


भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV