भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीएसपी कर्मी, सेक्टर-1 निवासी राजेश सोनकर (53), ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पूर्व उन्होंने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल के जरिए इस कदम की जानकारी दी थी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव को इस कदम का संभावित कारण माना जा रहा है।
घटना का क्रम
मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भट्टी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश सोनकर सेक्टर-1, क्रॉस स्ट्रीट-1 के क्वार्टर नंबर 41सी में रहते थे। घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। आत्महत्या से पहले, उन्होंने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया, जो उस समय शहर से बाहर थीं। राजेश ने इस दौरान अपनी पत्नी को अपने फैसले की जानकारी दी।
पत्नी ने तुरंत इस खबर को अपने बिलासपुर निवासी भतीजे तक पहुंचाया। भतीजे ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सुपेला भिलाई में रहने वाले अपने रिश्तेदार अखिलेश को फोन किया। अखिलेश जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, सुबह 9 से 10 बजे के बीच राजेश के घर में काम करने वाली नौकरानी आई हुई थी। उसने घर के काम निपटाने के बाद नाश्ता बनाकर दिया था। घटनास्थल से नाश्ते की प्लेट ज्यों की त्यों रखी मिली, जिससे पता चलता है कि राजेश ने नाश्ता नहीं किया।
आत्महत्या के पीछे कारण?
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हालांकि, पारिवारिक तनाव इस दुखद घटना का कारण हो सकता है। राजेश सोनकर के परिवार में क्या विवाद चल रहा था, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है|
भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से
जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |
https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV

