भिलाई ब्रेकिंग : लैब टेक्नीशियन ने कॉलेज लैब में फांसी लगाकर दी जान: मौत की अनसुलझी गुत्थी...

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ : भिलाई-3 स्थित खूबचंद बघेल कॉलेज के लैब में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। 52 वर्षीय लैब टेक्नीशियन तिरुपति रामटेके ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरा कॉलेज परिसर शोक में डूब गया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।  

तिरुपति रामटेके, जो भारतीय सेना के पूर्व जवान रह चुके थे, ने 2019 में आर्मी कोटे के तहत खूबचंद बघेल कॉलेज में सहायक लैब टेक्नीशियन के रूप में अपनी नई पारी शुरू की थी। उनकी मेहनत और लगन के चलते उन्हें एक साल पहले लैब टेक्नीशियन के पद पर प्रमोशन मिला था। उनके परिवार में पत्नी, जो भिलाई-3 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन हैं, और बच्चे शामिल हैं।  

घटना के दिन का घटनाक्रम

सोमवार सुबह तिरुपति ने अपने घरवालों से कहा कि उन्हें लैब में कुछ अधूरा काम निपटाना है। सुबह 7 बजे वे जल्दी ही कॉलेज के लिए निकल गए। लेकिन कुछ ही घंटों बाद, उनकी मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।  

कॉलेज स्टाफ जब सुबह 7:30 बजे लैब पहुंचा, तो उन्होंने तिरुपति को पंखे से लटका हुआ पाया। लैब के अंदर टेबल और कुर्सी का इस्तेमाल कर उन्होंने लाल रंग की नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाई थी।  

जांच और सवाल

छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह अज्ञात है। पुलिस उनके करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।  

तिरुपति के घरवालों और सहकर्मियों के अनुसार, वह अपने काम और जीवन को लेकर बेहद जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनकी कोई ऐसी व्यक्तिगत या पेशेवर समस्या सामने नहीं आई थी, जो आत्महत्या का कारण बन सके।  

भिलाई की पत्रिका न्यूज़ के whatsup ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक कर ज्वाइन करे |

https://chat.whatsapp.com/DxkU0yCFLtG00Zc81OA1yV